
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
नगर पालिका चुनाव को लेकर शाहपुरा में चुनावी सरगर्मी अब जमीन पर उतरने जा रही है। गुरुवार 27 अगस्त से 35 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार सुबह 9.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक एसडीएम कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन की अंतिम तारीख 31 अगस्त निर्धारित की गई है।
नामांकन शुरू होने के साथ ही अब तक चल रही राजनीतिक चर्चाओं और वार्ड स्तर की उठापटक का रुख साफ तौर पर चुनावी मैदान की ओर मुड़ जाएगा। संभावित प्रत्याशी पर्चा दाखिल करने की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं राजनीतिक दल भी अपने-अपने उम्मीदवारों को लेकर अंतिम रणनीति बनाने में लगे हैं।
एसडीएम कार्यालय में हेल्प डेस्क, अलग काउंटर
प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया को सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए एसडीएम कार्यालय में तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपखंड अधिकारी बनवारीलाल सिनसिनेवार के अनुसार उम्मीदवारों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। नामांकन फॉर्म उपलब्ध कराने के लिए अलग काउंटर भी बनाया गया है।
हेल्प डेस्क पर उम्मीदवारों को नामांकन पत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों और चुनाव प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी जाएगी। एसडीएम ने उम्मीदवारों से निर्धारित समय सीमा और नियमों का पालन करते हुए नामांकन दाखिल करने की अपील की है।
सामान्य पुरुष के लिए 2 हजार, महिला व आरक्षित वर्ग को 1 हजार जमानत
नामांकन के दौरान उम्मीदवारों को निर्धारित जमानत राशि भी जमा करनी होगी। सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवार को 2 हजार रुपए, जबकि एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग तथा सभी वर्ग की महिला उम्मीदवारों को 1 हजार रुपए जमानत राशि जमा करनी होगी। राशि जमा करने के बाद उसकी रसीद सुरक्षित रखने को भी कहा गया है।
दूसरे वार्ड की मतदाता सूची में नाम है तो प्रस्तावक जरूरी
एसडीएम के अनुसार यदि किसी उम्मीदवार का नाम किसी दूसरे वार्ड की मतदाता सूची में दर्ज है और वह किसी अन्य वार्ड से चुनाव लड़ना चाहता है, तो उसे संबंधित वार्ड के प्रस्तावकों की आवश्यक जानकारी देनी होगी।
इसके लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवार को 5 प्रस्तावक, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार को 2 प्रस्तावक प्रस्तुत करने होंगे। नामांकन के समय प्रस्तावकों से संबंधित जानकारी भी नियमानुसार देनी होगी।
अब हर वार्ड में तेज होगी चुनावी हलचल
नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही शाहपुरा के सभी 35 वार्डों में चुनावी गतिविधियां तेज होने के आसार हैं। दावेदारों के बीच टिकट की दौड़ के साथ अब पर्चा दाखिल करने, समर्थकों को जुटाने और वार्ड में अपनी ताकत दिखाने की होड़ भी शुरू होगी। नामांकन के अंतिम दिन तक तस्वीर काफी हद तक साफ होने की संभावना है।
चुनाव कार्यक्रम : एक नजर में
| कार्यक्रम | तारीख |
|---|---|
| नामांकन शुरू | 27 अगस्त |
| नामांकन की अंतिम तारीख | 31 अगस्त |
| नाम वापसी | 3 सितंबर |
| मतदान | 11 सितंबर |
| मतगणना/परिणाम | 14 सितंबर |
शाहपुरा में अब चुनावी बिगुल बज चुका है। 27 अगस्त से शुरू होने वाला नामांकन केवल पर्चे भरने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि 35 वार्डों में राजनीतिक ताकत के खुले प्रदर्शन की पहली बड़ी सीढ़ी साबित होगा।




