
11 से 17 नवंबर तक हनुमान टेकरी स्थित श्री टेकरी के बालाजी मंदिर में होगा ज्ञान यज्ञ महोत्सव, हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की होगी व्यवस्था
भीलवाड़ा, 21 अक्टूबर। धर्मनगरी भीलवाड़ा में भक्ति, अध्यात्म और श्रीमद्भागवत की अमृतधारा बहने वाली है। छोटी हरणी क्षेत्र में हनुमान टेकरी स्थित श्री टेकरी के बालाजी मंदिर में 11 से 17 नवंबर तक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वृंदावन के प्रख्यात कथावाचक एवं गौरक्षक आचार्य महेंद्र कृष्ण शास्त्री पहली बार भीलवाड़ा में व्यासपीठ से भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक होगी।
आयोजन की तैयारियों का शुभारंभ विजयदशमी के पावन अवसर पर अभिजीत मुहूर्त में विधि-विधान से भूमि पूजन के साथ हुआ। महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन संपन्न हुआ। मुकेश शास्त्री ने वैदिक मंत्रों के साथ पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान शहर के विभिन्न संत-महात्माओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजन की सफलता तथा जनकल्याण की कामना की।
धर्म ध्वजा स्थापना के साथ शुरू हुई तैयारियां
भूमि पूजन के बाद छोटी हरणी स्थित चारभुजा मंदिर से श्रद्धा और आस्था के साथ धर्म ध्वजा आयोजन स्थल पर लाई गई। भगवान के जयकारों के बीच धर्म ध्वजा स्थापित की गई। इस दौरान वातावरण भक्तिमय हो गया। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग का संकल्प लिया।
भूमि पूजन कार्यक्रम में आकोला शिवालय धाम के रामस्नेही दास महाराज, सियालिया के महंत रामदास त्यागी, हाथीभाटा आश्रम के महंत संतदास महाराज, पंचमुखी बालाजी मंदिर रीको के पुजारी मुरारी पांडे और पुजारी ओम साईराम सहित अनेक संतों का सानिध्य रहा।
इस अवसर पर नगर निगम उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, ज्योतिषाचार्य सीताराम त्रिपाठी, ओमप्रकाश बुलिया, गोपाल मामाजी, शशिकुमार गर्ग, एसएन गग्गड़, उमेश शुक्ला, संजीव राठी, रामनारायण बिड़ला, गणपतलाल शर्मा, राधेश्यामजी और प्रेमलता शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। छोटी हरणी गांव के निवासियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा से होगा कथा महोत्सव का शुभारंभ
कथा आयोजन के सूत्रधार महंत बनवारीशरण काठियाबाबा ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा प्रारंभ होने से पूर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में सैकड़ों महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी। धार्मिक जयकारों और भक्ति के वातावरण के बीच कथा महोत्सव का शुभारंभ होगा।
आयोजन के लिए मंदिर परिसर में विशाल पांडाल बनाया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कथा स्थल पर आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। आयोजन को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
सात दिन तक बहेगी भागवत भक्ति की धारा
कथा के प्रथम दिन व्यासपीठ पर श्रीमद्भागवत की स्थापना के साथ भागवत महात्म्य और मंगलाचरण का वाचन होगा। इसके बाद सात दिनों तक प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक संदेशों का वर्णन किया जाएगा।
आयोजन का लाभ भीलवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों के अधिकाधिक धर्मप्रेमियों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। भूमि पूजन के साथ शुरू हुई तैयारियों से छोटी हरणी क्षेत्र में धार्मिक उत्सव का माहौल बनने लगा है। आयोजकों को उम्मीद है कि कथा ज्ञान यज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भागवत कथा का श्रवण करेंगे।




