
सुरेंद्र चतुर्वेदी : शब्दों की दुनिया का वह सफर, जिसे समेटना आसान नहीं
मूलचन्द पेसवानी
कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं, जिनसे आपका रिश्ता केवल परिचय तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समय के साथ वे आपके लिए अग्रज, मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत बन जाते हैं। पत्रकारिता के मेरे सफर में सुरेंद्र चतुर्वेदी जी मेरे लिए ऐसा ही व्यक्तित्व हैं। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर जब कोई गंभीर अध्ययन सामने आता है तो स्वाभाविक रूप से आत्मीयता के साथ गर्व का अनुभव भी होता है।
देश की चर्चित लेखिका डॉ. विपिन पंवार (करनाल) ने अजमेर के साहित्यकार, गजलकार, पत्रकार, कवि, लेखक और चर्चित शायर सुरेंद्र चतुर्वेदी के जीवन, साहित्य और रचनात्मक संसार पर केंद्रित शोध सामग्री को पुस्तक के रूप में सामने लाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया है। लोकप्रिय प्रकाशक दृशी प्रकाशन से प्रकाशित इस पुस्तक में लगभग 500 पृष्ठ हैं। पुस्तक का शीर्षक ‘सुरेंद्र चतुर्वेदी का ग़ज़ल-संसार और जीवन-दर्शन के आयाम’ ही इस बात का संकेत देता है कि लेखिका ने उनके व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं को समझने और पाठकों के सामने रखने का गंभीर प्रयास किया है।

सुरेंद्र चतुर्वेदी जी की पत्रकारिता का अपना अलग तेवर रहा है। वे निर्भीक और प्रभावशाली पत्रकार के रूप में राजस्थान में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ गजल और साहित्य के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी अलग जगह बनाई है। उनके लेखन में जीवन के अनुभव, समाज की संवेदनाएं और समय की धड़कन महसूस की जा सकती है। यही कारण है कि उनके व्यक्तित्व को किसी एक विधा या परिचय की सीमा में बांधना कठिन है।
मैं स्वयं उन्हें अपना अग्रज और पत्रकारिता का मार्गदर्शक मानता हूं। उनके सान्निध्य से पत्रकारिता को देखने-समझने की दृष्टि विकसित हुई। इसलिए उनके जीवन पर लिखी गई पुस्तक मेरे लिए केवल एक साहित्यिक कृति नहीं, बल्कि उस व्यक्तित्व को समझने का अवसर भी है, जिसने अनेक लोगों को अपने लेखन और कर्म से प्रभावित किया है।
मेरी दृष्टि में सुरेंद्र चतुर्वेदी जी के जीवन पर लिखना किसी अथाह समुद्र की गहराई नापने जैसा है। उनके जीवन के अनुभव, पत्रकारिता की लंबी यात्रा और साहित्यिक सृजन का संसार इतना विस्तृत है कि उसे कुछ सौ पृष्ठों में पूरी तरह समेट पाना संभव नहीं। फिर भी डॉ. विपिन पंवार ने इस चुनौती को स्वीकार कर एक महत्वपूर्ण पहल की है।
विशेष रूप से यह बात उल्लेखनीय है कि लेखिका ने एक नायाब शायर की शायरी के तत्वबोध और जीवन-दर्शन को विमर्श का विषय बनाकर उसकी व्याख्या करने का बीड़ा उठाया। किसी रचनाकार की रचनाओं को पढ़ना अलग बात है और उसके पीछे छिपे जीवन-दर्शन को समझकर उसे शोधपरक रूप में प्रस्तुत करना अलग।
इस महत्वपूर्ण पुस्तक के प्रकाशन पर मैं डॉ. विपिन पंवार को हार्दिक बधाई देता हूं। साथ ही अपने अग्रज एवं मार्गदर्शक सुरेंद्र चतुर्वेदी जी को भी शुभकामनाएं देता हूं कि उनके व्यक्तित्व और साहित्य पर हुआ यह कार्य पाठकों तक पहुंचे और आने वाली पीढ़ियां भी उनके रचनात्मक संसार से परिचित हों। यह पुस्तक उनके साहित्यिक जीवन की यात्रा को समझने की दिशा में निश्चित रूप से एक महत्वपूर्ण दस्तावेज सिद्ध हो सकती है।



