BHILWARAE-Paperखेलधर्मराजस्थानरामस्नेहीलोकल न्यूज़शाहपुरा

शिक्षा जगत के तीन दिग्गजों को मिलेगा ‘शिक्षा भूषण’ सम्मान

शिक्षा जगत के तीन दिग्गजों को मिलेगा ‘शिक्षा भूषण’ सम्मान

डी. रामकृष्ण राव, प्रो. बी. महादेवन एवं प्रो. एम. जगदीश कुमार का चयन; 3 अक्टूबर को हैदराबाद में होगा सम्मान समारोह

नई दिल्ली। शिक्षा जगत और समाज जीवन में प्रेरणादायी एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले तीन श्रेष्ठ शिक्षाविदों को इस वर्ष प्रतिष्ठित ‘शिक्षा भूषण–अखिल भारतीय शिक्षक सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ एवं शैक्षिक फाउंडेशन ने इस वर्ष श्री डी. रामकृष्ण राव, प्रो. बी. महादेवन एवं प्रो. एम. जगदीश कुमार के चयन की घोषणा की है। तीनों शिक्षाविदों को यह सम्मान 3 अक्टूबर को हैदराबाद में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा।

यह सम्मान उन शिक्षाविदों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र के साथ-साथ समाज जीवन में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है और अपना जीवन भारतीय गुरु-परंपरा की गरिमा एवं आदर्शों के अनुरूप शिक्षा तथा राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित किया है।

2015 से शुरू हुई सम्मान की परंपरा

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ एवं शैक्षिक फाउंडेशन की ओर से श्रेष्ठ शिक्षाविदों को सम्मानित करने की परंपरा वर्ष 2015 में प्रारंभ की गई थी। इसके तहत प्रत्येक वर्ष देशभर से ऐसे तीन शिक्षाविदों का चयन किया जाता है, जिन्होंने शिक्षा एवं समाज के उत्थान के लिए दीर्घकालीन एवं प्रेरणादायी कार्य किया हो।

सम्मान के अंतर्गत चयनित शिक्षाविदों को प्रशस्तिपत्र, रजत चिन्ह तथा एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाती है। रजत चिन्ह उनके योगदान की शाश्वत स्मृति एवं प्रेरणा का प्रतीक माना जाता है, जबकि सम्मान राशि उनके तप, त्याग और समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।

इस सम्मान की एक विशिष्ट विशेषता यह है कि इसके संपूर्ण वित्तीय पोषण की जिम्मेदारी शिक्षकों द्वारा स्वयं वहन की जाती है। इसके लिए शिक्षकों की ओर से एक अक्षय कोष बनाया गया है। सम्मान के लिए किसी प्रकार के आवेदन आमंत्रित नहीं किए जाते, बल्कि देशभर में ऐसे शिक्षाविदों की खोज की जाती है, जिन्होंने व्यक्तिगत उपलब्धियों से आगे बढ़कर शिक्षा, समाज और राष्ट्र निर्माण को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया हो।

शिक्षा क्षेत्र में डी. रामकृष्ण राव का योगदान

आंध्र प्रदेश में जन्मे श्री डी. रामकृष्ण राव ने प्रधानाचार्य, निदेशक, प्रोफेसर सहित विभिन्न राष्ट्रीय शैक्षिक दायित्वों का निर्वहन किया है। वे विद्या भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप पाठ्यक्रम विकास, शैक्षिक सामग्री निर्माण, शिक्षक-शिक्षा तथा जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार से जुड़े कार्य उल्लेखनीय हैं। शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण, नैतिक शिक्षा, योग एवं शारीरिक शिक्षा सहित विभिन्न विषयों पर उनके लगभग 59 शोध-पत्र प्रकाशित हुए हैं।

भारतीय ज्ञान परंपरा और प्रबंधन शिक्षा में प्रो. महादेवन का योगदान

तमिलनाडु में जन्मे प्रो. बी. महादेवन प्रबंधन शिक्षा के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा और भारतीय दार्शनिक चिंतन के क्षेत्र में अपने कार्य के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने आईआईएम बैंगलोर सहित प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रोफेसर, डीन और संस्थापक कुलपति जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है।

उन्होंने भारतीय ज्ञान प्रणाली, वेद, भगवद्गीता, भारतीय दर्शन और आधुनिक प्रबंधन शिक्षा के बीच समन्वय पर महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनके प्रमुख प्रकाशनों में ‘भारतीय ज्ञान प्रणाली का परिचय’, ‘ऑपरेशंस मैनेजमेंट : थ्योरी एंड प्रैक्टिस’ तथा ‘द न्यू मैन्युफैक्चरिंग आर्किटेक्चर’ शामिल हैं।

वैज्ञानिक एवं उच्च शिक्षा प्रशासक प्रो. एम. जगदीश कुमार

तेलंगाना में जन्मे प्रो. एम. जगदीश कुमार प्रख्यात वैज्ञानिक, शिक्षाविद एवं उच्च शिक्षा प्रशासक हैं। उन्होंने आईआईटी मद्रास से विद्युत अभियांत्रिकी में उच्च शिक्षा प्राप्त की तथा कनाडा के वाटरलू विश्वविद्यालय से पोस्ट-डॉक्टोरल शोध किया।

उन्होंने आईआईटी दिल्ली में प्रोफेसर, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के कुलपति तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। नैनोविज्ञान, नैनोप्रौद्योगिकी एवं अन्य क्षेत्रों में उनके लगभग 250 शोध-पत्र प्रकाशित हुए हैं। उन्हें पद्मश्री सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।

3 अक्टूबर को हैदराबाद में होने वाला सम्मान समारोह शिक्षा के क्षेत्र में दीर्घकालीन योगदान देने वाले इन तीनों शिक्षाविदों के कार्यों को सम्मानित करने के साथ भारतीय शिक्षा परंपरा, शोध, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका को भी रेखांकित करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!