विधायक बैरवा 3 अगस्त को शाहपुरा आयेगें, विधायक कार्यालय में करेगें ‘आमजन से संवाद’ कार्यक्रम

शाहपुरा।
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में वाराणसी में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत निकाली गई रथ यात्रा के सफल समापन के बाद 3 अगस्त को शाहपुरा-बनेड़ा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा पहली बार ‘आमजन से संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद करेंगे।
विधायक बैरवा के अनुसार यह कार्यक्रम सोमवार, 3 अगस्त 2026 को विधायक कार्यालय, शाहपुरा में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं, सुझावों और विकास संबंधी विचारों को सुनना तथा जनभागीदारी के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा तय करना है।
विधायक डॉ. बैरवा ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता की सहभागिता ही विकास की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का सुझाव उनके लिए महत्वपूर्ण है और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी स्थानीय समस्याओं, जनहित के मुद्दों एवं विकास संबंधी सुझावों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। विधायक ने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और सुझावों से शाहपुरा-बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकेगा।




