BHILWARAE-Paperखेलराजस्थानलोकल न्यूज़शाहपुरा

पीएम श्री योजना के तहत अंतर विद्यालय प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

क्विज, ओलंपियाड, निबंध, पोस्टर और खो-खो में दिखा उत्साह; विजेताओं को प्रमाण पत्र व मोमेंटो से किया सम्मानित

 

शाहपुरा। पीएम श्री वार्षिक कार्य योजना के तहत शनिवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, तहनाल गेट में अंतर विद्यालय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग कक्षा 6 से 8 तथा सीनियर वर्ग कक्षा 9 से 12 की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने ज्ञान, रचनात्मकता, खेल कौशल और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना एवं आपसी सीख का अवसर प्रदान करना रहा। प्रतियोगिताओं में तहनाल गेट सहित वीर माता विद्यालय की छात्राओं ने भाग लिया।

आयोजन के दौरान प्रश्नोत्तरी, गणित एवं विज्ञान ओलंपियाड, निबंध लेखन, सामान्य ज्ञान, पर्यावरण आधारित पोस्टर प्रतियोगिता, पौधारोपण तथा खो-खो एवं स्थानीय खेलों से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं। छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया।

निबंध में खुशी और भारती अव्वल

निबंध प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग कक्षा 6 से 8 में वीर माता विद्यालय की कक्षा 8 की खुशी कंडारा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि तहनाल गेट की कक्षा 8 की सोनाली नायक द्वितीय रही।

सीनियर वर्ग कक्षा 9 से 12 में वीर माता विद्यालय की कक्षा 10 की भारती मीणा प्रथम तथा कक्षा 9 की वैशाली कोली द्वितीय स्थान पर रही।

पोस्टर में कामिनी और पलक ने मारी बाजी

पर्यावरण विषयक पोस्टर प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में वीर माता विद्यालय की कक्षा 8 की कामिनी कोली ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सीनियर वर्ग में वीर माता विद्यालय की कक्षा 12 की पलक कोहली प्रथम रही।

विज्ञान-गणित क्विज में निशा और भूमिका प्रथम

विज्ञान एवं गणित क्विज प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में तहनाल गेट विद्यालय की कक्षा 10 की निशा रेगर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में वीर माता विद्यालय की कक्षा 8 की भूमिका कोली प्रथम रही।

सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी के सीनियर वर्ग में तहनाल गेट की कक्षा 9 की खुशी कृष्णावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में तहनाल गेट की कक्षा 8 की तबस्सुम मंसूरी प्रथम रही।

खो-खो में वीर माता की टीम विजेता

खो-खो प्रतियोगिता में वीर माता विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले के दौरान बेहतर तालमेल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य सुरेंद्र सिंह बारेठ ने विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए इसी प्रकार टीम भावना के साथ आगे बढ़ने और खेल एवं शिक्षा दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका किरण सोडा, ज्योति सुमन, मेघा केवलानी, रानू धाकड़, ममता सिंघाड़िया, माया कोली, सुमन राठौड़ एवं राकेश कुमार खटीक ने निभाई। कार्यक्रम का समस्त कार्य प्रभारी इंदिरा जैन के निर्देशन में संपन्न हुआ। आयोजन में दोनों विद्यालयों की छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

पीएम श्री योजना के तहत आयोजित इन गतिविधियों से विद्यार्थियों के शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक विकास को बढ़ावा देने के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का संदेश मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!