
शाहपुरा संवाद | शाहपुरा
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत सरकार के “PAL 4 इंप्लांट एलाइट-4 (सघन पौधारोपण कार्यक्रम)” अभियान के तहत भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) अजमेर मंडल द्वारा शाहपुरा में व्यापक वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत शहर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक दर्जनों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व एलआईसी अजमेर मंडल के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक परमानंद मीणा तथा शाहपुरा शाखा प्रबंधक सुरेश चंद्र मीणा ने किया। दोनों अधिकारियों ने स्वयं पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की और सभी कर्मचारियों से पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प भी दिलाया।
इस अवसर पर एलआईसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयं लेने का प्रण लिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और हरियाली के महत्व पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

वरिष्ठ मंडल प्रबंधक परमानंद मीणा ने कहा कि “वृक्ष ही जीवन हैं। वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।” उन्होंने कहा कि भारतीय जीवन बीमा निगम केवल बीमा सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करता है। इसी सोच के तहत एलआईसी भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहितकारी अभियान निरंतर चलाता रहेगा।
शाखा प्रबंधक सुरेश चंद्र मीणा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें विकसित कर शहर को हरा-भरा बनाना और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी को अपना कर्तव्य समझे तो धरती को हराभरा बनाने का सपना साकार हो सकता है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई, संरक्षण और देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही आमजन से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम से जुड़ने की अपील की गई।
एलआईसी द्वारा शुरू किया गया यह सघन पौधारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति संस्थान की सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ऐसे प्रयास न केवल हरियाली बढ़ाने में सहायक होंगे, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




