Welcome to शाहपुरा संवाद   Click to listen highlighted text! Welcome to शाहपुरा संवाद
BHILWARAE-Paperराजस्थानलोकल न्यूज़शाहपुरा

सड़क तो बन रही, लेकिन नाली पर अटक गया विकास; पानी निकासी विवाद में एक सप्ताह से ठप पड़ा निर्माण कार्य

नाली के विवाद में थमी सड़क, विकास कार्य पर लगा ब्रेक पानी निकासी बनी परेशानी, सीसी सड़क निर्माण एक सप्ताह से ठप

बागोर , रोहित कुमार

बागोर। अमरगढ़ ग्राम पंचायत के भाकलिया गांव में सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराया जा रहा सीसी सड़क निर्माण कार्य पानी निकासी की व्यवस्था को लेकर उपजे विवाद के कारण पिछले एक सप्ताह से ठप पड़ा है। प्रशासन की समझाइश और आपसी सहमति के बाद भी कुछ लोगों के विरोध के चलते शुक्रवार को भी विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हो सका।

जानकारी के अनुसार गांव में पीडब्ल्यूडी द्वारा सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क के अंतिम छोर पर गंदे पानी की निकासी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व से यहां पानी निकासी के लिए नाली एवं पाइप की व्यवस्था थी। यदि उसे बंद कर दिया गया तो मोहल्ले में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाएगी।

ग्रामीणों ने इस संबंध में ग्राम पंचायत प्रशासन से लेकर जिला कलेक्टर तक शिकायत दर्ज कराते हुए पुराने पानी निकासी मार्ग को यथावत रखने की मांग की थी। शिकायत के बाद क्षेत्रीय पटवारी ने मौके का निरीक्षण कर मौका-पर्चा तैयार किया तथा गंदे पानी की निकासी के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर संबंधित ठेकेदार को अवगत कराया।

प्रशासन की मध्यस्थता और ग्रामीणों के बीच हुई समझाइश के बाद शुक्रवार को ठेकेदार ने निर्धारित स्थान पर पाइप डालकर पानी निकासी की व्यवस्था शुरू की। इसके बावजूद कुछ लोगों ने पाइपलाइन बिछाने का विरोध किया, जिससे निर्माण कार्य एक बार फिर प्रभावित हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि उनका विरोध केवल इस बात को लेकर है कि वर्षों से चली आ रही पानी निकासी व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए। यदि निकासी का मार्ग बंद हुआ तो बरसात के दौरान पूरे मोहल्ले में गंदा पानी भर जाएगा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

उधर, पीडब्ल्यूडी के संबंधित अभियंता ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य पूर्व से स्वीकृत योजना एवं उच्च अधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौके की स्थिति और प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान के अनुसार ठेकेदार को गंदे पानी की निकासी के लिए पाइप डालने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सड़क निर्माण के साथ-साथ जल निकासी की समस्या का भी स्थायी समाधान हो सके।

फिलहाल प्रशासन दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास कर रहा है, ताकि रुका हुआ सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा हो सके और ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा के साथ उचित जल निकासी व्यवस्था भी उपलब्ध हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!