
फूलियाकलां (प्रकाश तोषनीवाल)। पवित्र सावन मास के चलते तीर्थ एवं संगम स्थल धानेश्वर में इन दिनों भोलेनाथ के भक्तों का तांता लगा हुआ है। इसी क्रम में सोमवार को फूलियाकलां कस्बे में श्रद्धा और भक्ति से सराबोर कावड़ यात्रा निकाली गई। 121 कावड़ियों ने धानेश्वर संगम से कावड़ में पवित्र जल भरा और शाहपुरा रोड स्थित पीपलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
कावड़ यात्रा सुबह करीब 9 बजे तीर्थ स्थल धानेश्वर स्थित नारायणधाम आश्रम से संत शंकरदास त्यागी महाराज के सानिध्य में रवाना हुई। सफेद वस्त्रों में सजे कावड़िए हाथों में कावड़ लेकर भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। डीजे पर बज रहे भजनों की धुन के बीच पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
कावड़ यात्रा जब फूलियाकलां कस्बे से होकर गुजरी तो ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कावड़ियों का स्वागत किया। यात्रा में शामिल श्रद्धालु “बोल बम-बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष लगाते हुए आगे बढ़े। जयकारों से कस्बे का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कावड़ियों ने धानेश्वर के संगम स्थल से भरे पवित्र जल को पीपलेश्वर महादेव को समर्पित किया। विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।
धानेश्वर से गांव-गांव पहुंच रहा संगम का जल
सावन मास के चलते धानेश्वर तीर्थ पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आसपास के विभिन्न गांवों के कावड़िए भी धानेश्वर संगम से कावड़ में पवित्र जल भरकर अपने-अपने गांवों में स्थित शिवालयों तक ले जा रहे हैं। वहां पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जा रहा है।
धार्मिक मान्यता के चलते सावन में कावड़ यात्रा का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु धानेश्वर संगम का जल कावड़ में भरकर पैदल यात्रा करते हुए शिवालयों तक पहुंचाते हैं और भगवान शिव का अभिषेक करते हैं। फूलियाकलां में निकली कावड़ यात्रा ने भी इसी परंपरा को जीवंत करते हुए श्रद्धा, आस्था और सामूहिक भक्ति का संदेश दिया।




