Welcome to शाहपुरा संवाद   Click to listen highlighted text! Welcome to शाहपुरा संवाद
BHILWARAE-Paperखेलधर्मराजस्थानलोकल न्यूज़शाहपुरा

भाजपा का चुनावी शंखनाद: कटारिया ने दिया एकजुटता का मंत्र, बैरवा ने कहा—अब भाषण नहीं, काम दिखाना है

‘ट्रिपल इंजन’ के लिए बूथ से लेकर घर-घर तक पहुंचने का आह्वान

शाहपुरा में मनियर कॉटेज से निकला निकाय चुनाव का सियासी संदेश, कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ा जोश; 

शाहपुरा संवाद।
शाहपुरा नगर पालिका चुनाव की रणभेरी बजते ही राजनीतिक तापमान चढ़ने लगा है। भाजपा ने मनियर कॉटेज में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर चुनावी तैयारियों का विधिवत आगाज करते हुए अपनी संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन किया। सम्मेलन में वरिष्ठ नेताओं से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तक में खासा उत्साह नजर आया। मंच से एक ही संदेश गूंजा—एकजुटता, संगठन और एक-एक वोट की ताकत के बूते नगर पालिका में फिर भाजपा का बोर्ड बनाना है।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। नगर मंडल कोषाध्यक्ष शांतिलाल मामोड़िया ने अतिथियों एवं मेहमानों का स्वागत करते हुए उन्हें भाजपा के चुनाव चिह्न कमल का फूल भेंट किया। इस दौरान मीसा बंदी कन्हैयालाल धाकड़ का सम्मान भी किया गया। पार्टी नेताओं ने उनके संघर्ष और योगदान को याद करते हुए सम्मान व्यक्त किया।

कटारिया बोले—ट्रिपल इंजन की सरकार बनानी है

मुख्य वक्ता पूर्व मंत्री एवं निकाय चुनाव में संभाग के सह प्रभारी लालचंद कटारिया ने कहा कि शाहपुरा से उनका पुराना और आत्मीय संबंध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। कटारिया ने कहा कि भाजपा की ताकत उसका कार्यकर्ता है और निकाय चुनाव में भी इसी ताकत को जमीन पर उतारना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है, केंद्र में भाजपा की सरकार है और अब नगर पालिका में भी भाजपा का बोर्ड बनाकर ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार बनानी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा के साथ कमल के लिए जुटने की अपील की।

बैरवा का दो टूक संदेश—भाषण कम, काम ज्यादा

विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि शाहपुरा संतों, वीरों और सनातन की धरती है। भाजपा आज विश्व की बड़ी राजनीतिक पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के कारण बनी है।

बैरवा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने भाजपा को मजबूत समर्थन दिलाया था। अब नगर पालिका चुनाव में उसी एकजुटता और मेहनत को दोहराने की जरूरत है। उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा—“अब भाषण कम और काम ज्यादा करने की जरूरत है।”

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में सरकार विकास के ‘राष्ट्र प्रथम’ भाव से काम कर रही है। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की बुकलेट जारी किए जाने का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से इन कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बोहरा बोले—विकास की बुकलेट नहीं, घर-घर संवाद भी जरूरी

भाजपा जिला मंत्री राजेंद्र बोहरा ने कहा कि चुनाव केवल भाषणों और पोस्टरों से नहीं जीते जाते, बल्कि मतदाता से सीधा संवाद ही सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर विधायक के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने और प्रत्येक मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क करने का आह्वान किया।

बोहरा ने कहा कि हर बूथ की मजबूती और हर मतदाता से संपर्क भाजपा की चुनावी रणनीति का आधार होना चाहिए।

महेंद्र रावत ने समझाई चुनावी रणनीति

नगर पालिका चुनाव प्रभारी महेंद्र सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं को संगठन और हिन्दुत्व के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने विपक्ष पर वंदेमातरम् को लेकर निशाना साधते हुए कार्यकर्ताओं से वैचारिक स्तर पर मजबूती के साथ मैदान में उतरने की बात कही।

रावत ने नामांकन प्रक्रिया को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। त्योहारों के कारण मिलने वाले सीमित समय का ध्यान रखते हुए उन्होंने प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं से समयबद्ध तरीके से चुनावी तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एक-एक वोट की कीमत समझाते हुए बूथ स्तर पर रणनीति बनाने पर जोर दिया।

सह प्रभारी मिट्ठूलाल जाट ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कार्यकर्ताओं से बड़े मन के साथ संगठन हित में काम करने की अपील की। समन्वयक हरीश भट्ट ने भी संगठनात्मक समन्वय पर जोर दिया।

भाजपा के सामने अब असली परीक्षा टिकट वितरण के बाद

सम्मेलन ने भाजपा की चुनावी तैयारी और कार्यकर्ताओं के उत्साह का संदेश तो दे दिया, लेकिन सियासी जानकारों की नजर अब अगले चरण पर है। टिकट वितरण के बाद संगठन अपनी एकजुटता कितनी कायम रख पाता है, यही भाजपा की असली परीक्षा होगी।

एक ओर पार्टी कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर संगठन के साथ खड़े रहने का संदेश दे रही है, वहीं वार्ड स्तर पर टिकट की दावेदारी को लेकर अंदरूनी खींचतान की चर्चाएं भी राजनीतिक गलियारों में हैं। ऐसे में सम्मेलन का मंच भले ही एकजुटता का संदेश दे गया हो, लेकिन टिकटों की सूची सामने आने के बाद तस्वीर और साफ होगी।

सम्मेलन में जिला प्रभारी संजय जैन (ताऊ), चुनाव प्रभारी महेंद्र रावत, सह प्रभारी मिट्ठूलाल जाट, समन्वयक हरीश भट्ट, पालक सुरेश सांड, सौरभ खंडाल, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष पंकज सुगंधी, जिला मंत्री राजेंद्र बोहरा, पूर्व पालिकाध्यक्ष कन्हैयालाल धाकड़, रघुनंदन सोनी, पूर्व उपप्रधान गोपाल गुर्जर, नगर मंडल कोषाध्यक्ष शांतिलाल मामोड़िया, जिला मीडिया सहसंयोजक मोनू सुरेश छीपा सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कुल मिलाकर मनियर कॉटेज का सम्मेलन भाजपा के लिए केवल कार्यकर्ता सम्मेलन नहीं, बल्कि नगर पालिका चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन और संगठन को एक धागे में पिरोने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। अब देखना यह होगा कि मंच से निकला ‘ट्रिपल इंजन’ का नारा वार्डों की गलियों में कितनी राजनीतिक ताकत जुटा पाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!