फूलियाकलां में एसपी सागर राणा ने सीएलजी सदस्यों से किया सीधा संवाद
अवैध बजरी खनन व नशे पर प्रभावी कार्रवाई का दिया भरोसा

प्रकाश तोषनीवाल, फूलियाकलां
फूलियाकलां। जिला पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा सागर राणा ने शनिवार को फूलियाकलां थाना परिसर में सीएलजी (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) सदस्यों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं जनसमस्याओं पर सीधा संवाद किया। बैठक में ग्रामीणों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए एसपी ने उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान धनोप के प्रशासक प्रतिनिधि लक्ष्मण वैष्णव ने क्षेत्र की नदी से हो रहे अवैध बजरी खनन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति से गांव के बीच एवं विद्यालयों के सामने से गुजरते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचती है, लेकिन बजरी माफियाओं का सूचना तंत्र इतना सक्रिय है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे फरार हो जाते हैं। इस पर एसपी सागर राणा ने प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

बैठक में सीएलजी सदस्य विजय पाराशर ने फूलियाकलां पुलिस चौकी पर पर्याप्त पुलिस स्टाफ की नियुक्ति की मांग की, जबकि सरसूंदा क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता बताई। एसपी राणा ने सभी सुझावों एवं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक से पूर्व सीएलजी सदस्यों ने जिला पुलिस अधीक्षक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात एसपी ने फूलियाकलां थाने का निरीक्षण किया तथा अभिलेखों, व्यवस्थाओं और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा अंजुम कायल, शाहपुरा वृत्ताधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई, थानाधिकारी दिनेश कुमार, तहसीलदार रामदेव धाकड़ सहित थाना क्षेत्र के बड़ी संख्या में सीएलजी सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




