द्रोणा पब्लिक स्कूल में धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा, मनमोहक झांकी ने जीता सभी का दिल

शाहपुरा संवाद
शाहपुरा। भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर द्रोणा पब्लिक स्कूल, शाहपुरा में शनिवार को भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ रथ यात्रा एवं झांकी का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक झांकी और धार्मिक वातावरण ने पूरे विद्यालय परिसर को जगन्नाथमय बना दिया। झांकी को देखकर उपस्थित अभिभावकों और श्रद्धालुओं को ऐसा प्रतीत हुआ मानो पूरा जगन्नाथपुरी ही द्रोणा पब्लिक स्कूल में साकार हो उठा हो।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के समस्त स्टाफ द्वारा भगवान जगन्नाथ की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की, जिसने सभी का मन मोह लिया।
झांकी में नेहुल जैन ने भगवान बलभद्र, मानविक जैन ने देवी सुभद्रा, जबकि हिमाक्ष अग्रवाल एवं दक्षिता कोली ने भगवान जगन्नाथ का स्वरूप धारण कर अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से सभी की खूब सराहना बटोरी। वहीं निहित निर्वाण ने सारथी की भूमिका निभाकर झांकी को जीवंत बना दिया।
भक्ति गीतों और जयघोष के बीच निकली रथ यात्रा में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक दर्शन किए। बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावकों ने भी भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, संस्कार, एकता और भक्ति भावना का विकास करते हैं। कार्यक्रम का समापन भगवान जगन्नाथ की मंगल आरती एवं सभी के सुख-समृद्धि की कामना के साथ हुआ।




