उपकारागृह शाहपुरा का जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया निरीक्षण
बंदियों की सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता एवं सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, कमियों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

शाहपुरा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा की सचिव श्रीमती रश्मि आर्य ने उपकारागृह शाहपुरा का औचक निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन को आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार एवं पाई गई कमियों के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सचिव श्रीमती रश्मि आर्य ने उपकारागृह में निरुद्ध बंदियों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं, पेयजल, स्वच्छता, दैनिक दिनचर्या तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बंदियों से यह भी जाना कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत तो नहीं है तथा उनकी समस्याओं का समय पर समाधान किया जा रहा है या नहीं।
इस दौरान जेल में तैयार किए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं भोजन वितरण की समय-सारिणी की भी जानकारी ली गई। साथ ही उपकारागृह परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी कार्यशील स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर जेल प्रशासन से विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। निरीक्षण के दौरान बंदियों के अधिकारों की सुरक्षा एवं मानवीय गरिमा के अनुरूप सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
श्रीमती रश्मि आर्य ने निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों पर जेल प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कारागृह में निरुद्ध प्रत्येक बंदी को संविधान एवं विधि के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है तथा इस संबंध में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के समय उपकारापाल किशनलाल मीणा ने उपकारागृह की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उपकारागृह शाहपुरा में कुल 38 बंदी निरुद्ध हैं तथा उनकी सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं का नियमित रूप से ध्यान रखा जा रहा है।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा के निजी सहायक दीपक अग्रवाल, तालुका विधिक सेवा समिति के सचिव आजाद मोहम्मद, पैरा लीगल वॉलंटियर (पीएलवी) रीना देवी, उपकारापाल किशनलाल मीणा सहित जेल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




