डाक सेवा में उत्कृष्ट कार्य पर राधेश्याम शर्मा को गोल्ड मेडल

शाहपुरा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डाक विभाग के लिए गौरव का क्षण सामने आया। शाहपुरा डाकघर में कार्यरत श्री राधेश्याम शर्मा को डाक जीवन बीमा (PLI) एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं प्रशंसनीय कार्य के लिए जिला स्तर पर सम्मानित किया गया।
भीलवाड़ा में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जिला अधीक्षक डाकघर द्वारा श्री शर्मा को उत्कृष्ट कार्य के लिए गोल्ड मेडल, पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। उनके कार्य की सराहना करते हुए विभागीय अधिकारियों ने कहा कि समर्पण, मेहनत और बेहतर सेवा भावना के साथ किया गया कार्य न केवल कर्मचारी की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे विभाग के लिए गौरव का विषय है।
श्री शर्मा की इस उपलब्धि पर शाहपुरा डाकघर सहित समस्त डाक विभाग के स्टॉफ में खुशी का माहौल रहा। सहकर्मियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राधेश्याम शर्मा की उपलब्धि अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायी है और इससे डाक विभाग में बेहतर सेवा देने की भावना को और मजबूती मिलेगी।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिला यह सम्मान श्री शर्मा की कार्यनिष्ठा और सेवाभाव को मिली एक उल्लेखनीय पहचान के रूप में देखा जा रहा है।




