Welcome to शाहपुरा संवाद   Click to listen highlighted text! Welcome to शाहपुरा संवाद
BHILWARAE-Paperराजस्थानरामस्नेहीलोकल न्यूज़शाहपुरा

दौलतपुरा में तिरंगे के साथ प्रतिभाओं का सम्मान, भामाशाहों ने खोला सहयोग का पिटारा

शाहपुरा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दौलतपुरा में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, सांस्कृतिक रंग और उत्साह के बीच धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर में तिरंगा फहराने के साथ जहां विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं, वहीं भामाशाहों और ग्रामीणों ने विद्यालय एवं विद्यार्थियों के लिए सहयोग का हाथ बढ़ाकर समारोह को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच ओमप्रकाश वैष्णव रहे। विशिष्ट अतिथि विद्यालय के पूर्व व्याख्याता बोदूलाल गर्ग एवं महेंद्र भाटी थे। प्रधानाचार्य मोनिका शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के व्यायाम प्रदर्शन से हुई। इसके बाद व्याख्याता दीपू सुथार ने मंत्रोच्चार के साथ सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

देशभक्ति के साथ राजस्थानी संस्कृति की झलक

विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्र-छात्राओं ने राजस्थानी संस्कृति को समेटे भावपूर्ण नृत्यों की प्रस्तुति देकर उपस्थित ग्रामीणों और अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से विद्यालय परिसर गूंजता रहा।

उपप्राचार्य राजीव सुवालका ने कहा कि यदि प्रत्येक शिक्षक और अभिभावक जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं तो विद्यालय में विद्यार्थियों में अनुशासन कायम रहेगा और उनका सर्वांगीण विकास संभव होगा।

व्याख्याता भेरूलाल गाडरी ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि वीर शहीदों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की बाजी लगा दी। यदि हम भी समर्पित भावना से देशहित में कार्य करें तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान दे सकते हैं।

भामाशाहों ने बढ़ाया सहयोग का हाथ

समारोह में विद्यालय के भामाशाहों ने विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए उल्लेखनीय सहयोग की घोषणा की। वरिष्ठ अध्यापक विजय व्यास ने भामाशाहों का परिचय देते हुए बताया कि महेंद्र भाटी शाहपुरा ने विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए वाटर कूलर देने की घोषणा की। शिक्षिका इंदिरा धूपिया ने 60 सेट टेबल-स्टूल उपलब्ध करवाए। जतन की ओर से 11 ट्री गार्ड एवं पाम के वृक्ष देने की घोषणा की गई।

सरपंच ओमप्रकाश वैष्णव ने 5100 रुपए नकद सहयोग देने के साथ दौलतपुरा आने-जाने वाले सभी रास्तों को दुरुस्त करवाने की घोषणा की। इन घोषणाओं से विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल बन गया।

प्रतिभाओं को मिला सम्मान, नकद पुरस्कार भी

कार्यक्रम में कक्षा 12 में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा सुमन कुमावत का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया।

व्याख्याता भेरूलाल गाडरी ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 1000 रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर ग्रामवासियों और भामाशाहों ने करीब 20 हजार रुपए की नकद राशि भी भेंट की।

इस सहयोग से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ा और विद्यालय परिवार ने भामाशाहों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

समारोह में वरिष्ठ व्याख्याता अनिल घूसर, सुनीता व्यास, मनीषा कंवर, ज्योति जैन, चंद्रकांता शर्मा, चंद्रकला झाला, सत्यनारायण टेलर, किशन कोली, रेखा सिंघवी, भगवती टेलर, इंदु कुमावत, सोनिया कुमावत, रितेश टेपन, अर्चना शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ अध्यापिका इंदिरा धूपिया ने किया। समारोह ने स्वतंत्रता दिवस की भावना के साथ शिक्षा, अनुशासन, प्रतिभा सम्मान और समाज के सहयोग का सुंदर संदेश दिया। तिरंगे की शान में सजे विद्यालय परिसर से विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह और नई ऊर्जा साफ दिखाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!