टिकट की दौड़ तेज, कांग्रेस ने कसी कमर शाहपुरा में दावेदारों से वन-टू-वन मुलाकात आज

शाहपुरा।मूलचन्द पेसवानी
नगर पालिका चुनाव 2026 की आहट के साथ शाहपुरा में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस ने निकाय चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बुधवार, 26 अगस्त को शाहपुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और पार्षद पद के दावेदारों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन के साथ दावेदारों से वन-टू-वन मुलाकात कर आवेदन फार्म भी लिए जाएंगे।
शाहपुरा में होने वाली बैठक की तैयारियों को कांग्रेस ने अंतिम रूप दे दिया है। बैठक आज दोपहर 2 बजे सेन धर्मशाला, जहाजपुर रोड, कलिंजरी गेट पर आयोजित होगी। इसके बाद शाम 4 बजे कांग्रेस कार्यालय बनेड़ा में बैठक होगी। इसमें संगठनात्मक तैयारियों, वार्डवार स्थिति और आगामी नगर पालिका चुनाव की रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं एवं दावेदारों से आवश्यक विचार-विमर्श किया जाएगा।
टिकट के दावेदारों की धड़कनें तेज
नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस में टिकट के दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। वन-टू-वन मुलाकात के दौरान दावेदार अपने राजनीतिक समीकरण, वार्ड में पकड़ और जीत की संभावनाओं को पार्टी नेतृत्व के सामने रखेंगे। आवेदन प्रक्रिया के बाद चुनाव प्रभारी एवं पर्यवेक्षक दावेदारों के आवेदनों और संगठनात्मक फीडबैक के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय करेंगे।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सेन ने बताया कि निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस के दावेदारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी के निर्देशानुसार बैठक में कार्यकर्ताओं और दावेदारों से सीधा संवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं की राय महत्वपूर्ण है।
कांग्रेस का दावा-भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे
चुनावी बैठक से पहले कांग्रेस ने शाहपुरा नगर पालिका को लेकर अपना राजनीतिक रुख भी स्पष्ट कर दिया है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सेन ने दावा किया कि कांग्रेस इस बार पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और नगर पालिका शाहपुरा में भाजपा को उखाड़ फेंकने का काम करेगी।
बैठक में वार्डवार राजनीतिक समीकरण, संभावित प्रत्याशी, संगठन की सक्रियता और चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। ऐसे में कांग्रेस की इस बैठक को महज औपचारिक बैठक के बजाय आगामी नगर पालिका चुनाव के लिए पार्टी की चुनावी बिसात बिछाने की पहली बड़ी कवायद माना जा रहा है।
बैठक में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और पार्षद प्रत्याशी के दावेदारों से उपस्थित होकर अपने सुझाव एवं विचार रखने तथा संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया है।
बैठक के लिए शाहपुरा-बनेड़ा विधानसभा प्रभारी एवं चुनाव समन्वयक रासासिंह रावत की ओर से कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।




