युवा संवाद में संस्कृति, संस्कार और सकारात्मक सोशल मीडिया के उपयोग पर मंथन

भीलवाड़ा। अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद जिला इकाई भीलवाड़ा के तत्वावधान में अध्यक्ष रतनलाल जाट एवं महामंत्री राकेश जैन के नेतृत्व में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं से भारतीय संस्कृति, संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान क्षेत्र के क्षेत्रीय संचालक रमेश अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। परिषद की प्रांत कार्यकारिणी के सदस्य आदित्य नारायण जाजपुरा ने भाव गीत प्रस्तुत किया।
मुख्य वक्ता रमेश अग्रवाल ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना, उसके देशभर में विस्तार तथा हिंदू समाज को संगठित करने में संघ की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संघ के पंच परिवर्तन की अवधारणा को भी युवाओं के सामने रखा और कहा कि समाज एवं राष्ट्र में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में रचनात्मक परिवर्तन को अपनाना होगा।
अग्रवाल ने युवाओं के साथ सीधे संवाद करते हुए उनके सुझाव सुने तथा विभिन्न सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि आज का युवा देश की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। आवश्यकता इस बात की है कि युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र, समाज और संस्कृति के निर्माण में करें।
उन्होंने सज्जन शक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि परिवार और समाज के युवाओं को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराने के साथ ही भारतीय संस्कारों को जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए उसके सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और सकारात्मक विचारों के प्रसार का प्रभावी साधन भी बन सकता है।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका अग्रवाल ने सहजता से जवाब दिया। संवाद के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र, समाज और संस्कृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश दिया गया। साथ ही पंच परिवर्तन के अनुरूप व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन को ढालने पर बल दिया गया।
अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के जिला अध्यक्ष रतनलाल जाट ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, अधिवक्ताओं और युवाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के संयोजक युवराज चंदेल एवं अंकित शर्मा रहे, जबकि संचालन रक्षा तिवारी ने किया।
कार्यक्रम में अधिवक्ता परिषद के सुरेशचंद्र सुवालका, राजेश सामरिया, आदित्य नारायण जाजपुरा, ओमप्रकाश शर्मा, रघुनन्दन सिंह कानावत, पीरू सिंह गौड़, धर्मवीर सिंह कानावत, श्यामलाल वेद, हंसराज यादव, दुर्गेश शर्मा, आशीषराज सिंघवी, ओमप्रकाश लड्डा, राघवेंद्रनाथ व्यास, राजेंद्र कचोलिया, राजेश शर्मा, गोपाल सोनी, रामपाल शर्मा, मनोज दाधीच, अनिल कुमार पारीक, मुकेश सुवालका, सूर्यप्रकाश सरगरा सहित जिला इकाई भीलवाड़ा की कार्यकारिणी, प्रांत इकाई के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।




