
नारायण सिंह और दिलीप सिंह की उपलब्धि पर गांव में खुशी, शारीरिक शिक्षक मनमोहन शर्मा को भी ग्रामीणों ने दी बधाई
शाहपुरा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोरड़ा बावरियान के दो होनहार विद्यार्थियों नारायण सिंह राणावत एवं दिलीप सिंह राणावत का राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ गांव में भी खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छात्रों के राज्य स्तर पर चयन की सूचना मिलते ही ग्रामवासियों ने विद्यालय के शारीरिक शिक्षक मनमोहन शर्मा को भी बधाई दी। ग्रामीणों ने कहा कि खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में शिक्षक के कुशल मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण, निरंतर अभ्यास और अथक मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें सही दिशा, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की है। नारायण सिंह और दिलीप सिंह का चयन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का विषय है।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि शारीरिक शिक्षक मनमोहन शर्मा के मार्गदर्शन में दोनों खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे और अपने विद्यालय, गांव एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ भाग लेने का आह्वान किया।
विद्यालय परिवार ने भी दोनों विद्यार्थियों के चयन को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने कहा कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है और ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है।




