
जन्माष्टमी पर आदर्श विद्या मंदिर में सजेगी भव्य सजीव झांकियां, 20 से अधिक प्रसंग होंगे आकर्षण का केंद्र
शाहपुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आदर्श विद्या मंदिर, शाहपुरा की ओर से शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को विद्यालय परिसर में भव्य सजीव झांकियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। जन्माष्टमी को लेकर विद्यालय परिवार की ओर से तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गा लाल जांगिड़ ने बताया कि आयोजन में धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक सजीव झांकियां सजाई जाएंगी। इनमें संदीपनी आश्रम, श्रीकृष्ण जन्म, वासुदेव द्वारा यमुना पार करना, कालिया नाग के फण पर श्रीकृष्ण नृत्य, समुद्र मंथन, तिरुपति बालाजी, बांके बिहारी, भीष्म पितामह की शरशय्या, गोवर्धन पर्वत, रासलीला, विट्ठल भगवान, कृष्ण बनो प्रतियोगिता, नवाचार, मल्ल युद्ध, वराह अवतार, बाल गोपाल, श्रीनाथजी, राधाकृष्ण, कच्छप अवतार, पूतना तथा शिवनगरी में कृष्ण प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
झांकियों को जीवंत एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन में धार्मिक प्रसंगों के साथ भारतीय संस्कृति और पौराणिक कथाओं को भी सजीव रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रधानाचार्य ने बताया कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां गुरुवार, 3 सितंबर तक पूर्ण कर ली जाएंगी। विद्यालय प्रबंधन ने नगरवासियों एवं अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में विद्यालय परिसर पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं भव्य सजीव झांकियों का आनंद लेने तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया है।




