
रघुनाथपुरा विद्यालय में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत हुआ विद्यालय परिसर
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सामूहिक गायन, ग्रामीणों ने भी निभाई सहभागिता
शाहपुरा, मूलचन्द पेसवानी।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रघुनाथपुरा में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय चेतना से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ के गायन से गूंज उठा और विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों में राष्ट्रप्रेम का भाव नजर आया।
प्रातः 11 बजे विद्यालय प्रांगण में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरफूल बैरवा की अध्यक्षता में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के महावीर प्रसाद नायक, प्रदीप सोनी एवं रितु लोदवाल सहित ग्रामीणों ने भी सहभागिता निभाई।
सामूहिक गायन के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राष्ट्रगीत के गायन से विद्यालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का वातावरण बना रहा।
विद्यालय के संस्था प्रधान मोहम्मद शफीक पठान ने बताया कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को देश की समृद्ध विरासत, स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय प्रतीकों के महत्व की जानकारी देना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




