BHILWARAE-Paperखेलधर्मराजस्थानरामस्नेहीलोकल न्यूज़शाहपुरा

जिला स्तरीय वॉलीबॉल में पारोली व आगरिया का दबदबा, छात्र-छात्रा वर्ग में जीते खिताब

लांबिया कलां में 70वीं 14 वर्ष छात्र-छात्रा जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन, 34 टीमों के करीब 350 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रायला मुकेश चोधरी 


रायला क्षेत्र की लांबिया ग्राम पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लांबिया कलां (बनेड़ा) के खेल मैदान में चार दिवसीय 70वीं 14 वर्ष छात्र-छात्रा जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का जोश और उत्साह के बीच समापन हुआ। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में जिलेभर से छात्रा वर्ग की 20 तथा छात्र वर्ग की 14 टीमों ने भाग लिया। करीब 350 छात्र-छात्राओं ने मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

छात्र वर्ग में पारोली ने मारी बाजी

आयोजक सचिव एवं स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पारोली (कोटड़ी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इंडियन पब्लिक स्कूल शाहपुरा की टीम उपविजेता रही, जबकि एज स्टीवर्ड मॉरिस स्कूल भीलवाड़ा (सुवाणा) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

वहीं 14 वर्ष छात्रा वर्ग में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आगरिया (कोटड़ी) की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सोडास (करेड़ा) द्वितीय तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डेलास (शाहपुरा) की टीम तृतीय स्थान पर रही।

सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी सम्मानित

समापन समारोह में विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों ने ट्रॉफी एवं मूवमेंट प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर देवेंद्र कुमार धाकड़, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पारोली को छात्र वर्ग का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। छात्रा वर्ग में सपना जाट, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आगरिया को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में सम्मानित किया गया।

खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

समापन समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा रायला मंडल अध्यक्ष एवं लांबिया कलां के पूर्व सरपंच परमेश्वर पारीक रहे, जबकि अध्यक्षता एसीबीईओ योगेश माहेश्वरी ने की। विभागीय प्रतिनिधि एवं प्रधानाचार्य सुशील कुमार छापरवाल तथा तकनीकी सलाहकार बलवीर सिंह यादव मंचासीन रहे।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में जीत-हार लगी रहती है। हार से निराश होने के बजाय खिलाड़ियों को उससे सीख लेकर आगामी प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

तकनीकी सलाहकार व शारीरिक शिक्षक का सम्मान

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले तकनीकी सलाहकार बलवीर सिंह यादव तथा स्थानीय विद्यालय के शारीरिक शिक्षक रामनारायण गुलानिया का अतिथियों एवं ग्रामीणों की ओर से सम्मान किया गया।

चार दिवसीय प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी आयोजक सचिव एवं स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार शर्मा ने संभाली। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं एवं आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

समापन समारोह में एसडीएमसी सदस्य, भामाशाह, जनप्रतिनिधि, पीईईओ तथा स्थानीय विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का संचालन स्थानीय विद्यालय के उपाचार्य महावीर सुथार ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!