पंचायत चुनाव 2026: शाहपुरा में पंचायत समिति सदस्य के नामांकन कल से, 16 अक्टूबर तक भर सकेंगे फॉर्म

शाहपुरा। पंचायतराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत पंचायत समिति शाहपुरा के सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 13 अक्टूबर से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 16 अक्टूबर तक अपने नाम निर्देशन पत्र जमा करवा सकेंगे। नामांकन फॉर्म प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।
रिटर्निंग अधिकारी बनवारी लाल सिनसिनवार ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नामांकन उपखंड कार्यालय शाहपुरा में जमा होंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कार्यालय में हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है, जहां नामांकन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
जिला परिषद सदस्य के नामांकन की अंतिम तिथि कल
भीलवाड़ा जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन जमा कराने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर निर्धारित है। अभ्यर्थी जिला कलेक्टर कार्यालय भीलवाड़ा में दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा करवा सकेंगे।
पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 16 अक्टूबर तक जारी रहेगी, जबकि जिला परिषद सदस्य पद के अभ्यर्थियों के लिए नामांकन जमा कराने का अवसर 13 अक्टूबर तक ही रहेगा। ऐसे में चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित समय सीमा का ध्यान रखना जरूरी है।




