551 दीपों से जगमगाया अखंड भारत का मानचित्र, शाहपुरा में लिया अखंडता का संकल्प
हिंदू जागरण मंच ने मनाया अखंड भारत संकल्प दिवस, सुभाष बाहिती ने कहा—इतिहास को जानकर ही भविष्य को सुरक्षित रख सकते हैं

शाहपुरा। हिंदू जागरण मंच शाहपुरा की ओर से कालिंजरी गेट चौराहे पर अखंड भारत संकल्प दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में भारत के अखंड स्वरूप को दर्शाते मानचित्र पर विधि-विधान से 551 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने दीप जलाकर देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मंच पर मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व चित्तौड़ प्रांत हिंदू जागरण मंच के सह संयोजक सुभाष बाहिती, अध्यक्षता सीताराम बाबा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर संघ चालक कन्हैया जी तथा जिला संयोजक हनुमान धाकड़ उपस्थित रहे।
दीप प्रज्ज्वलन के बाद भारत के मानचित्र पर 551 दीप जलाए गए। दीपों से सजा अखंड भारत का मानचित्र कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। उपस्थित कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति ने भारत को पुनः अखंड बनाने के संकल्प को दोहराया।
भारत खंडित क्यों हुआ, इतिहास समझने पर दिया जोर
मुख्य वक्ता सुभाष बाहिती ने अपने संबोधन में भारत के विभाजन के ऐतिहासिक कारणों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज को अपने इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को समझना होगा, ताकि भविष्य में देश की एकता को कोई चुनौती न दे सके।
उन्होंने हिंदू जागरण मंच के विभिन्न कार्यों और सामाजिक विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लव जिहाद, भूमि जिहाद, अवैध अतिक्रमण, स्वावलंबन और अवैध गतिविधियों जैसे मुद्दों पर संगठन की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
बाहिती ने कहा कि समाज में जागरूकता केवल सार्वजनिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। परिवार में भी बैठकर इन विषयों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं और परिवारों से सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और शास्त्रों के इतिहास को समझने का आह्वान किया।
जातिगत विभाजन से ऊपर उठने का आह्वान
कार्यक्रम में समाज को जातिगत विभाजनों से ऊपर उठकर व्यापक हिंदू समाज के रूप में संगठित होने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक एकता और आपसी समरसता ही समाज की शक्ति है। इसके लिए परिवार और समाज दोनों स्तरों पर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है।
विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर संघ चालक कन्हैया जी वर्मा, नगर संयोजक जगदीश बोहरा, सह नगर संयोजक अशोक बोहरा, बसंत वैष्णव, मुकेश लोहार, विनोद गंगवाल, टोनू धाकड़, पवन बसेरा, देवेंद्र सिंह, बबलू खाती, बलदेव वैष्णव, प्रियव्रत सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महिला सुरक्षा आयाम से सुमित्रा माली, रीना लोहार सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने भाग लिया। विश्व हिंदू परिषद से कैलाश धाकड़ एडवोकेट उपस्थित रहे।
भारतीय जनता पार्टी से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कन्हैयालाल धाकड़, नरेश व्यास, राजू बोहरा, पूर्व पंचायत समिति प्रधान बजरंग सिंह राणावत, एडवोकेट बंटी पाराशर, गोपाल घुसार, राहुल बोहरा, मोहन गुर्जर, नाथूलाल काहर, राजेश काहर और नंदलाल सन्नाडिया सहित विभिन्न संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन भारत की एकता और अखंडता के संकल्प के साथ हुआ। 551 दीपों की रोशनी में अखंड भारत का मानचित्र देश की सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रभाव का प्रतीक बनकर उभरा।




