
शाहपुरा। पवित्र सावन मास के अवसर पर शाहपुरा-खटीक समाज की ओर से पिवनिया तालाब के सामने स्थित शिव शक्ति धर्मशाला परिसर में विराजमान मंशापूर्ण महादेव की नियमित पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया जा रहा है। पूरे सावन मास में सुबह-शाम महादेव की आरती की जा रही है, जिसमें समाजबंधु और श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल होकर भगवान शिव की आराधना कर रहे हैं।
सावन के चलते मंदिर परिसर में प्रतिदिन विशेष धार्मिक वातावरण देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु भगवान महादेव का आकर्षक श्रृंगार करते हैं और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद आरती में शामिल होते हैं। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारों से परिसर शिवमय हो उठता है।
इसी क्रम में सोमवार सुबह मंशापूर्ण महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर समाज की ओर से भगवान शिव को खीर का भोग लगाया गया। पंडित श्रवण पाराशर ने पूजा-अर्चना एवं भोग की धार्मिक विधियां संपन्न कराईं।
इस अवसर पर खटीक समाज के सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने भगवान महादेव से समाज एवं क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
समाजबंधुओं ने बताया कि पूरे सावन मास में नियमित रूप से आरती और पूजा का क्रम जारी रहेगा। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज के लोगों में आपसी एकता और धार्मिक आस्था को मजबूत करने का संदेश भी दिया जा रहा है।




