Welcome to शाहपुरा संवाद   Click to listen highlighted text! Welcome to शाहपुरा संवाद
BHILWARAराजस्थानलोकल न्यूज़शाहपुरा

अजमेर जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष बनने पर सत्यनारायण न्याती का भव्य सम्मान

समाज ने जताया गौरव

फूलिया कला। माहेश्वरी समाज के वरिष्ठ समाजसेवी एवं केकड़ी निवासी सत्यनारायण न्याती के अजमेर जिला माहेश्वरी सभा का जिला अध्यक्ष नियुक्त होने पर माहेश्वरी पंचायत फूलिया कला द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज के प्रबुद्धजनों ने पुष्पमालाएं पहनाकर, साफा बंधवाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा मिठाई खिलाकर उनका आत्मीय अभिनंदन किया। इस अवसर पर समाज में उत्साह और गौरव का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता माहेश्वरी पंचायत बोर्ड के अध्यक्ष ताराचंद हेडा ने की। उन्होंने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि सत्यनारायण न्याती लंबे समय से समाज सेवा, संगठन क्षमता और समर्पित कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उनका अजमेर जिला माहेश्वरी सभा के जिला अध्यक्ष पद पर मनोनयन पूरे माहेश्वरी समाज, विशेष रूप से फूलिया कला के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि न्याती के नेतृत्व में समाज और अधिक संगठित होगा तथा सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा कार्यों को नई दिशा मिलेगी।

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सत्यनारायण न्याती ने समारोह में उपस्थित सभी समाजबंधुओं का अभिवादन करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व मिला है, वह समाज के प्रत्येक सदस्य के विश्वास, आशीर्वाद और स्नेह का परिणाम है। उन्होंने कहा कि तपोभूमि मिनी पुष्कर धानेश्वर की कृपा तथा समाज के वरिष्ठजनों के आशीर्वाद और शुभकामनाओं से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ समाज सेवा का एक बड़ा दायित्व भी है।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि अजमेर जिले के माहेश्वरी समाज को और अधिक संगठित किया जाए तथा शिक्षा, संस्कार, युवा सहभागिता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक एकता जैसे विषयों पर विशेष कार्य किए जाएं। उन्होंने फूलिया कला माहेश्वरी पंचायत द्वारा दिए गए सम्मान के लिए सभी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए समाज हित में सदैव समर्पित रहने का संकल्प दोहराया।

पंचायत मंत्री प्रकाशचंद्र तोषनीवाल ने समारोह का संचालन करते हुए बताया कि अध्यक्ष ताराचंद हेडा के नेतृत्व में समाज के वरिष्ठ एवं युवा सदस्यों ने सत्यनारायण न्याती तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रतन कंवर न्याती का पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ सम्मान किया। अतिथियों को पुष्पमालाएं पहनाई गईं, साफा बंधवाया गया, शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं।

समारोह में गिरधारीलाल नौलखा, रामप्रकाश दाखेड़ा, कमलेश कुमार लड्डा, कैलाशचंद्र सोमानी, रूपचंद पोरवाल, भागचंद पोरवाल, महावीर प्रसाद हेडा, मोहनलाल तोषनीवाल, सत्यनारायण आगीवाल, योगेश आगीवाल, कैलाशचंद्र नौलखा, नवीन नौलखा, भागचंद आगीवाल, कोषाध्यक्ष बसंत कुमार नौलखा, सुरेश पोरवाल, मुकेश तोषनीवाल तथा पवन कुमार हेडा सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महिला मंडल फूलिया कला की अध्यक्ष जिज्ञासा हेडा, कोषाध्यक्ष सरिता लड्डा एवं महिला मंडल की सभी सदस्याओं ने भी श्री सत्यनारायण न्याती एवं श्रीमती रतन कंवर का पारंपरिक सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

समारोह का समापन समाज की एकता, संगठन और सेवा कार्यों को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित समाजजनों ने विश्वास व्यक्त किया कि सत्यनारायण न्याती के नेतृत्व में अजमेर जिला माहेश्वरी सभा नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी तथा समाज हित के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!