
बदनोर (परमवीर सिंह कटार)। बाजुंदा ग्राम पंचायत में शनिवार को विकास कार्यों की नई सौगात मिली। ग्राम पंचायत क्षेत्र में नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र एवं राजकीय विद्यालय परिसर में निर्मित दो भवनों के लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में किया गया। नए भवनों के शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों और विद्यार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
लोकार्पण समारोह में आसींद-हुरड़ा विधायक जब्बर सिंह सांखला, मनसुख सिंह गुर्जर तथा आसींद सवाई भोज के महंत श्री 1008 सुरेश दास महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे। अतिथियों ने विधि-विधान के साथ नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में पूर्व जिला प्रमुख रामचंद्र सेन, आसींद ग्रामीण मंडल अध्यक्ष फोजमल गुर्जर, बदनोर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, बदनोर ग्रामीण मंडल महामंत्री कैलाश टेलर, समाजसेवी बिजल रायका, ग्राम पंचायत प्रशासक शांतिलाल रेबारी, पूर्व सरपंच नानूराम गुर्जर, पूर्व उपसरपंच धर्मचंद गुर्जर एवं अमरचंद गुर्जर सहित समस्त वार्ड पंच उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर खुशी जताई। वक्ताओं ने कहा कि गांवों के विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। नए भवनों से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा, वहीं विद्यालय के विद्यार्थियों को भी अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने से गांवों में विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप आगे भी विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहने की बात कही।
ग्रामीणों ने नवनिर्मित भवनों के लोकार्पण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों का आभार जताया। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने गांव के विकास एवं क्षेत्र में बेहतर सुविधाओं की उपलब्धता की उम्मीद जताई।




