रामनिवास धाम की ऐतिहासिक बारादरी से हुआ ‘शाहपुरा संवाद डॉट इन’ का शुभारंभ
आचार्यश्री रामदयालजी महाराज ने किया लोकार्पण, कहा— राष्ट्रहित और समाजहित सर्वोपरि रखकर कार्य करे मीडिया

रामनिवास धाम की ऐतिहासिक बारादरी से हुआ ‘शाहपुरा संवाद डॉट इन’ का शुभारंभ
आचार्यश्री रामदयालजी महाराज ने किया लोकार्पण, कहा— राष्ट्रहित और समाजहित सर्वोपरि रखकर कार्य करे मीडिया
शाहपुरा। रामस्नेही संप्रदाय के परम पूज्य पीठाधीश्वर आचार्यश्री स्वामी रामदयालजी महाराज ने चातुर्मास की पूर्व संध्या पर रामनिवास धाम की ऐतिहासिक बारादरी में आयोजित विशाल धर्मसभा के दौरान ‘शाहपुरा संवाद डॉट इन’ का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने शाहपुरा संवाद के संपादक मूलचन्द पेसवानी को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

लोकार्पण के अवसर पर अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में आचार्यश्री रामदयालजी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। मीडिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं समाज की सहभागिता को केंद्र में रखकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि धर्म, सत्य और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलकर ही पत्रकारिता अपने वास्तविक दायित्व का निर्वहन कर सकती है।
आचार्यश्री ने कहा कि “राम और राष्ट्र की सेवा सर्वोपरि है।” यदि पत्रकार समाज और राष्ट्र के हित को सर्वोच्च मानकर कार्य करें तो मीडिया समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बन सकती है।
उन्होंने ‘शाहपुरा संवाद’ के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रामनिवास धाम की मुख्य पीठ से इस डिजिटल समाचार मंच का शुभारंभ होना समस्त शाहपुरावासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह मंच सत्य, सकारात्मकता और जनहितकारी पत्रकारिता की नई पहचान बनेगा तथा समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भी शाहपुरा संवाद डॉट इन के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे शाहपुरा की डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल बताया।




