Welcome to शाहपुरा संवाद   Click to listen highlighted text! Welcome to शाहपुरा संवाद
BHILWARAE-Paperराजस्थानलोकल न्यूज़शाहपुरा

क्षत्राणी संगम में दिखा राजपूती गौरव, सावन की रंगत में सजीं प्रतिभाएं

भीलवाड़ा (परमवीर सिंह कटार)। श्री अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में शनिवार को भीलवाड़ा शहर में क्षत्राणी संगम एवं क्षत्राणी गौरव सम्मान समारोह आयोजित हुआ। समारोह में राजपूती परंपरा, संस्कृति और नारी शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। पारंपरिक परिधानों में सजी क्षत्राणियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ भाग लिया।

समारोह के मुख्य अतिथि उड़ीसा के जसपुर से कुंवर विक्रमादित्य सिंह एवं कुंवारानी जया जुदेव रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भंवर बाईसा ने की। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष आरती कोगटा, साधना मेला, उषा अग्रवाल एवं महिला थाना प्रभारी मेघना त्रिपाठी मौजूद रहीं।

श्री अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की अध्यक्ष माया राठौड़ ने बताया कि समारोह का उद्देश्य समाज में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली क्षत्राणियों के साथ अन्य समाजों की प्रतिभाशाली एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को भी मंच प्रदान करना और उन्हें सम्मानित कर प्रोत्साहित करना था। उन्होंने कहा कि समाज की महिलाओं की प्रतिभा और उपलब्धियों को सामने लाना समय की आवश्यकता है।

प्रतियोगिताओं में दिखा हुनर

समारोह के दौरान विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मिस सावन सुरंगों का खिताब सुनिधी बाईसा ने हासिल किया, जबकि मिसेज सावन सुरंगों रजनी जादौन चुनी गईं। क्यूट बाईसा का खिताब लक्षिता राठौड़ के नाम रहा। बेस्ट पोशाक के लिए जिया सिंह को चुना गया। वहीं बेस्ट डांसर एवं घूमर क्वीन का सम्मान तेजस्विनी बाईसा को मिला। मृगनयनी का खिताब कविता आमेरा ने अपने नाम किया।

प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका प्रिंसिपल, फिल्म अभिनेत्री एवं एंकर डॉ. प्रतिष्ठा ठाकुर, चेतना राठौड़ एवं धन कंवर ने निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, आत्मविश्वास, पारंपरिक वेशभूषा और प्रतिभा के आधार पर चयन किया।

राजस्थानी संस्कृति से सराबोर हुआ समारोह

समारोह में राजस्थानी लोकगीतों और ओजस्वी गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल में उत्साह और उमंग भर दी। पारंपरिक राजस्थानी परिधानों में सजी महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कीं। घूमर सहित लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान राजस्थानी संस्कृति, परंपरा और क्षत्रिय गौरव की झलक दिखाई दी। महिलाओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में दुर्गा बाईसा, मीनाक्षी कंवर, गीता राठौड़, सुप्रिया चुंडावत सहित बड़ी संख्या में क्षत्राणियां एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मंच संचालन सुप्रिया कंवर ने किया।

समारोह ने महिला प्रतिभाओं को मंच देने के साथ सामाजिक सहभागिता, सांस्कृतिक विरासत और नारी सशक्तीकरण का संदेश दिया। आयोजन में सम्मान, संस्कृति और मनोरंजन का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने उपस्थित महिलाओं एवं अतिथियों को उत्साह से भर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!