रिटर्निंग अधिकारी बनवारी सिनसिनवार ने मतदाताओं से अधिकाधिक मतदान की अपील
शाहपुरा में कल मतदान, प्रशासन ने संभाला मोर्चा; फ्लैग मार्च से दिया भयमुक्त मतदान का संदेश

शाहपुरा संवाद की अपील
मतदान जरूर करें—आपका एक वोट सिर्फ प्रत्याशी नहीं, शाहपुरा के अगले पांच साल की दिशा तय करेगा।
शाहपुरा में कल मतदान, प्रशासन ने संभाला मोर्चा; फ्लैग मार्च से दिया भयमुक्त मतदान का संदेश
रिटर्निंग अधिकारी बनवारी सिनसिनवार ने मतदाताओं से अधिकाधिक मतदान की अपील की, पुलिस-प्रशासन ने प्रमुख मार्गों और मतदान केंद्रों के आसपास किया फ्लैग मार्च
शाहपुरा | मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा नगर पालिका चुनाव में अब फैसला मतदाताओं के हाथ में है। 11 सितंबर को होने वाले मतदान से पहले गुरुवार देर शाम पुलिस और प्रशासन ने शहर में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मतदाताओं को भयमुक्त होकर मतदान करने का संदेश दिया। दूसरी ओर रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी बनवारी सिनसिनवार ने शाहपुरा नगर पालिका क्षेत्र के मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में अधिकाधिक भागीदारी निभाने की अपील की है।
रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता का मतदान करना जरूरी है। उन्होंने मतदाताओं से बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचने का आह्वान किया।
शहर में निकला फ्लैग मार्च, दिखा पुलिस-प्रशासन का दम
मतदान से ठीक पहले गुरुवार देर शाम शहर में पुलिस और प्रशासन की सक्रियता दिखाई दी। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बनवारी सिनसिनवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजूम कायल, पुलिस उपाधीक्षक नानालाल, सीआई लीलाधर मालवीय एवं तहसीलदार रणवीर सिंह की अगुवाई में पुलिस जवानों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा चुनाव में तैनात मजिस्ट्रेटों ने शहर के प्रमुख मार्गों और मतदान केंद्रों के आसपास फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अमले ने संवेदनशील क्षेत्रों और मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी ने साफ संदेश दिया कि मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
मतदाता निडर होकर पहुंचें बूथ तक
प्रशासन का फोकस इस बात पर है कि मतदान के दिन प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव या परेशानी के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य भी यही संदेश देना रहा कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जाएगा तथा मतदाता पूरी तरह सुरक्षित माहौल में मतदान कर सकेंगे।
अब प्रत्याशियों का प्रचार खत्म, जनता का फैसला बाकी
शाहपुरा नगर पालिका चुनाव में प्रचार का दौर समाप्त हो चुका है। प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। अब किसी के दावे और वादे नहीं, बल्कि मतदाता का वोट चुनाव की दिशा तय करेगा।
11 सितंबर को शाहपुरा के मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगे और अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रशासन ने जहां मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है।
शहर में फ्लैग मार्च के साथ प्रशासन ने अपनी तैयारी दिखा दी है। अब बारी मतदाताओं की है—वोट की ताकत से शाहपुरा की अगली नगर सरकार चुनने की।




