BHILWARAE-Paperधर्मराजस्थानरामस्नेहीलोकल न्यूज़शाहपुरा

27 सितंबर से महलों के चौक में सजेगा रामलीला का मंच, 12 दिनों तक गूंजेगा प्रभु श्रीराम का चरित्र

काशी-वाराणसी के कलाकार करेंगे सजीव मंचन, रोज रात 8 से 10 बजे तक होगा आयोजन

काशी-वाराणसी के कलाकार करेंगे सजीव मंचन, रोज रात 8 से 10 बजे तक होगा आयोजन

शाहपुरा, मूलचन्द पेसवानी।
शाहपुरा के ऐतिहासिक महलों के चौक में एक बार फिर धर्म और भक्ति का रंग जमने जा रहा है। यहां 27 सितंबर से 8 अक्टूबर तक श्री रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। धर्म प्रचारक रामलीला मंडल, वाराणसी की ओर से आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन में काशी-वाराणसी से आए कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का सजीव मंचन करेंगे।

रामलीला का आयोजन शाहपुरा नगर पालिका के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन रात 8 बजे से 10 बजे तक रामलीला का मंचन होगा। इसके लिए वाराणसी से रामलीला मंडल के सभी कलाकार शाहपुरा पहुंच चुके हैं और मंचन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

पहले दिन होगा श्रीराम जन्म का मंचन

रामलीला मंडल के संचालक पंडित राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि 27 सितंबर को रामलीला महोत्सव के प्रथम दिन दशरथ पुत्रेष्टि यज्ञ एवं भगवान श्रीराम जन्म का सजीव मंचन किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन होगा।

रामलीला के दौरान कलाकार संवाद, अभिनय एवं पारंपरिक मंचन शैली के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत करेंगे। आयोजन को लेकर नगरवासियों में भी उत्साह है।

समिति ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

शुक्रवार शाम आयोजन समिति के नरेश व्यास सहित अन्य सदस्यों ने महलों के चौक पहुंचकर रामलीला आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंच, दर्शक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर समिति के सदस्यों ने जानकारी ली।

आयोजकों ने नगरवासियों से धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने तथा परिवार सहित रामलीला के सजीव मंचन का आनंद लेने की अपील की है। 12 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन से महलों का चौक शाम के समय रामभक्ति और धार्मिक वातावरण से सराबोर रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!