BHILWARAE-Paperराजस्थानलोकल न्यूज़शाहपुरा

वाल्मीकि समाज ने नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सेन व उपाध्यक्ष ईशाक मोहम्मद का किया अभिनंदन

समाज की समस्याओं और मांगों को लेकर जनप्रतिनिधियों से चर्चा, विकास व स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने का आश्वासन

शाहपुरा।

नगर पालिका चुनाव में निर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सेन एवं उपाध्यक्ष ईशाक मोहम्मद के सम्मान में वाल्मीकि समाज शाहपुरा की ओर से अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज के गणमान्य नागरिकों एवं समाजबंधुओं ने दोनों जनप्रतिनिधियों का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया।

इस अवसर पर वार्ड संख्या 13 की पार्षद रेखा घुसर एवं वार्ड संख्या 24 के पार्षद सुरेश घुसर का भी समाज की ओर से सम्मान किया गया। समारोह में समाजबंधुओं ने वाल्मीकि समाज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को नगर पालिका अध्यक्ष के समक्ष रखते हुए उनके समाधान की मांग की।

नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सेन ने कहा कि नगर के विकास के साथ स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करना प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने वाल्मीकि समाज की समस्याओं का नियमानुसार निराकरण कराने का भरोसा दिलाया तथा समाज के सहयोग से शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की बात कही।

नगर पालिका उपाध्यक्ष ईशाक मोहम्मद ने भी समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। पार्षद रेखा घुसर एवं सुरेश घुसर ने सम्मान के लिए समाजबंधुओं का आभार जताया।

समारोह का संचालन सतीश घुसर ने किया, जबकि आभार घेवर चन्द्र घुसर ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!