
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
आर्यन स्केटिंग एकेडमी के पांच प्रतिभावान खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक अपने नाम कर एकेडमी और शाहपुरा का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से एकेडमी, परिजनों और खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में अर्चित सेन ने विद्याभारती के माध्यम से राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीते। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ है।
इसी क्रम में 19 वर्ष आयु वर्ग में देवहर्ष वर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण एवं एक कांस्य पदक हासिल किया। वहीं 17 वर्ष आयु वर्ग में राघव ओझा ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए तीन रजत पदक जीते।
14 वर्ष आयु वर्ग में दीक्षा जैन एवं आराध्य लक्षकार ने भी शानदार प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों ने एक-एक कांस्य पदक हासिल कर एकेडमी की पदक तालिका में योगदान दिया।
दो खिलाड़ियों का राज्य स्तर के लिए चयन
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर देवहर्ष वर्मा एवं राघव ओझा का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों के चयन पर आर्यन स्केटिंग एकेडमी के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, परिजनों एवं खेलप्रेमियों ने खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एकेडमी के कोच आर्यन पाराशर ने बताया कि सभी खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण के साथ अपनी मेहनत और लगन से सफलता हासिल की है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन में उनके परिवारों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। परिजनों ने बच्चों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ नियमित अभ्यास के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और परिवार के सहयोग से ही खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। आर्यन स्केटिंग एकेडमी का उद्देश्य बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।




