BHILWARAE-Paperधर्मराजस्थानलोकल न्यूज़शाहपुरा

केकड़ी में 4 अक्टूबर को दिव्यांगों के लिए निशुल्क कृत्रिम हाथों का शिविर

शाहपुरा में दिव्यांगजनों से संवाद कर दी शिविर की जानकारी, कोहनी से नीचे कटे हाथ वालों को मिलेगा लाभ

शाहपुरा। हाथ से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा केकड़ी एवं रोटरी क्लब जयपुर मजेस्टी के संयुक्त तत्वावधान में 4 अक्टूबर को केकड़ी में निशुल्क कृत्रिम हाथ वितरण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन प्रेम मैरिज गार्डन, केकड़ी में किया जाएगा।

शिविर की तैयारियों और अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को इसका लाभ दिलाने के उद्देश्य से विकलांग संघ के प्रदेश अध्यक्ष महावीर कांसोटिया एवं टीम सदस्य महावीर साहू ने बुधवार को शाहपुरा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया। टीम ने रेहड़, बच्छखेड़ा, फुलियाकलां, कनेछन कलां सहित कई गांवों में पहुंचकर दिव्यांगजनों से संपर्क किया और शाहपुरा में बैठक आयोजित कर उनकी समस्याएं सुनीं।

बैठक में दिव्यांगजनों ने अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं बताईं। प्रदेश अध्यक्ष महावीर कांसोटिया ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाते हुए केकड़ी में आयोजित होने वाले कृत्रिम हाथ वितरण शिविर की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि शिविर में कोहनी से नीचे तक हाथ कटे हुए महिला, पुरुष एवं बच्चों को कृत्रिम हाथ उपलब्ध करवाए जाएंगे। यह कृत्रिम उपकरण एलन प्रॉस्थेटिक हैंड्स फाउंडेशन, अमेरिका द्वारा निर्मित बताए गए हैं। शिविर का उद्देश्य हाथ से दिव्यांगजनों को उपयोगी कृत्रिम उपकरण उपलब्ध करवाकर उनके दैनिक जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाना है।

उन्होंने क्षेत्र के पात्र दिव्यांगजनों से शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे दिव्यांगजनों की जानकारी जुटाकर उन्हें शिविर तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा के अध्यक्ष विकास जैन, प्रभारी अधिकारी महेश मंत्री एवं भगवान स्वरूप माहेश्वरी सहित परिषद के सदस्य शिविर की तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजकों का प्रयास है कि अधिक से अधिक जरूरतमंद दिव्यांगजन इस सेवा शिविर का लाभ उठा सकें।

शाहपुरा में आयोजित बैठक के दौरान प्रदेशाध्यक्ष महावीर कांसोटिया ने दिव्यांगजनों को शिविर से संबंधित जानकारी दी और उन्हें शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!