
भीलवाड़ा के झूलेलाल मंदिर में नवरात्र पर धार्मिक अनुष्ठान, 101 श्रद्धालुओं ने की घट स्थापना
असु चंड्र महोत्सव के तहत आज होगा झूलेलाल साहेब का पंचामृत अभिषेक और ध्वजारोहण
भीलवाड़ा। शहर की शाम की सब्जी मंडी स्थित झूलेलाल मंदिर में रविवार को शारदीय नवरात्र के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस दौरान 101 श्रद्धालुओं ने विभिन्न श्लोकों के उच्चारण के बीच विधि-विधान से मां दुर्गा की घट स्थापना की। मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और माता के जयकारों से गुंजायमान रहा।
सिंधी समाज के मीडिया प्रभारी मूलचंद बहरवानी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के प्रसिद्ध गायक कलाकार बाबूलाल शर्मा के भजनों से हुई। उनके भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे और नृत्य कर माता की आराधना की। इसके बाद मंदिर के पंडित दशरथ महत्ता ने स्वस्ति श्लोकों के उच्चारण के साथ श्रद्धालुओं के माथे पर सिंदूर-कुमकुम का तिलक लगाया तथा उनकी बाहों में मौली बांधी। इस धार्मिक प्रक्रिया के बाद घट स्थापना कार्यक्रम शुरू हुआ।
पंडित गणेशलाल और उनके दल ने श्रद्धालुओं से विधि-विधान के साथ घट स्थापना करवाई। वरिष्ठ समाजसेवी हेमनदास भोजवानी ने बताया कि आयोजन के दौरान मंदिर में भक्तों का रेला उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और देश में सुख-समृद्धि की कामना की।
आज होगा झूलेलाल साहेब का पंचामृत अभिषेक
मंदिर के सेवादारी अध्यक्ष तुलसीदास निहलानी (शेरू भाई) ने बताया कि सोमवार को सुबह सवा सात बजे से असु चंड्र के उपलक्ष्य में भगवान झूलेलाल साहेब की प्रतिमा का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। सुबह 10 बजे भगवान झूलेलाल साहेब की स्तुति और मंत्रोच्चार के साथ ध्वज की पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद संत-महात्माओं द्वारा ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का विधिवत आगाज किया जाएगा।
बहराणा साहेब की ज्योत लेकर नसीराबाद जाएंगे सेवादारी
संस्थान के उपाध्यक्ष सुरेश भोजवानी ने बताया कि मंदिर में पूज्य बहराणा साहेब की स्थापना, ज्योत प्रज्वलन, पुष्प वर्षा और भोजन प्रसादी के बाद सेवादारियों का दल बहराणा साहेब के साथ नसीराबाद रवाना होगा। वहां स्थानीय सिंधी समाज की ओर से आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया जाएगा।
नसीराबाद में महाआरती, पल्लव और अरदास के माध्यम से देश एवं समाज में सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की जाएगी। इसके बाद पवित्र ज्योत का विसर्जन कर धार्मिक आयोजन का समापन होगा।




