
भीलवाड़ा में पंचायत चुनाव का पहला चरण शांतिपूर्ण संपन्न, 61.19% मतदान
5.47 लाख से अधिक मतदाताओं ने डाले वोट, जिला परिषद के 28 और 9 पंचायत समितियों के 177 सदस्य चुनने के लिए हुआ मतदान
भीलवाड़ा-मूलचन्द पेसवानी। भीलवाड़ा जिले में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के प्रथम चरण का मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह 7 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चली। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, शाम 6 बजे तक जिले में कुल 5,47,569 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके साथ ही जिले में कुल मतदान प्रतिशत 61.19 प्रतिशत दर्ज किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने बताया कि प्रथम चरण में जिला परिषद के 28 सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों, जिनमें 23 पूर्ण और 5 आंशिक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं, तथा नौ पंचायत समितियों के 177 सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान कराया गया।
नौ पंचायत समितियों में हुआ मतदान
प्रथम चरण में कोटड़ी, जहाजपुर, खजूरी, मांडलगढ़, बिजौलिया, मांडल, करेड़ा, सुवाणा और बनेड़ा पंचायत समितियों में मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं ने गांवों के विकास, मूलभूत सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं को लेकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने बताया कि जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मतदान समाप्त होने के साथ ही प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया है। अब चुनाव परिणामों को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें मतगणना पर रहेंगी।




