
शाहपुरा। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शाहपुरा सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन, भीलवाड़ा, कामधेनु सेना एवं समस्त ग्रामवासी दौलतपुरा के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दौलतपुरा में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 31 यूनिट रक्तदान किया। यह रक्तदान मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को समर्पित किया गया।शिविर का शुभारंभ अमित मणियार, शिवप्रकाश इंदौरिया, जगदीश राणावत एवं भैरूलाल लक्षकार ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर किया।

सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन के सचिव गोपाल विजयवर्गीय ने बताया कि फाउंडेशन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “हर पंचायत, रक्त पंचायत” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कारगिल विजय दिवस पर यह रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

शिविर प्रभारी एवं कामधेनु सेना के जिला अध्यक्ष नारायणलाल कुमावत ने बताया कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस जैसे प्रेरणादायी अवसर पर रक्तदान कर युवाओं ने शहीद सैनिकों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की है।
शिविर को सफल बनाने में मदन खटोड़, बंटी शर्मा, विष्णु वैष्णव, राधाकिशन गुर्जर, सुरेंद्र कानावत, हेमेंद्र वैष्णव, युवा नेता मनीष कुमावत, जगदीश बलाई, रणजीत माली, किशन, मुकेश कुमावत, प्रधान लुहार, मुकेश जाट, भागचंद जाट, चंदप्रकाश जाट, नारायण खटोड़ सहित ग्राम के अनेक युवाओं एवं ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग दिया।
आयोजकों ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा सके।



