मोबाइल चलाने और पढ़ाई को लेकर मां की डांट के बाद छात्रा ने पी कीटनाशक, उपचार के दौरान मौत

मोबाइल चलाने और पढ़ाई को लेकर मां की डांट के बाद छात्रा ने पी कीटनाशक, उपचार के दौरान मौत
फूलियाकलां (प्रकाश तोषनीवाल)। फूलियाकलां थाना क्षेत्र के बालापुरा गांव की 18 वर्षीय छात्रा की कीटनाशक दवा के सेवन के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मामले की जांच एसडीएम फूलियाकलां द्वारा की जा रही है।
थानाधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि बालापुरा निवासी 18 वर्षीय विष्णु पुत्री प्रहलाद खारोल ने 19 जुलाई को घर में रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोबाइल चलाने और पढ़ाई नहीं करने की बात पर मां द्वारा डांटने से आहत होकर छात्रा ने आवेश में यह कदम उठा लिया।
घटना के बाद परिजन छात्रा को तत्काल शाहपुरा जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया। भीलवाड़ा स्थित चिकित्सालय में उपचार के दौरान 30 जुलाई को छात्रा की मृत्यु हो गई।
पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। थानाधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच एसडीएम फूलियाकलां द्वारा की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




