डाइट शाहपुरा में नवनियुक्त वरिष्ठ अध्यापकों के लिए विधिक चेतना शिविर आयोजित
सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, उपभोक्ता अधिकार और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर दी कानूनी जानकारी

शाहपुरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) शाहपुरा में नवनियुक्त वरिष्ठ अध्यापकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विधिक चेतना शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य शिक्षकों को विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों से अवगत कराना तथा उन्हें समाज में विधिक जागरूकता के प्रभावी संवाहक के रूप में तैयार करना रहा।
शिविर को संबोधित करते हुए युवा अधिवक्ता निखिल कुमार व्यास ने सड़क सुरक्षा एवं मोटर वाहन अधिनियम, उपभोक्ता अधिकार, नशा मुक्ति अभियान तथा नागरिकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा यातायात नियमों की पालना से अनेक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
उन्होंने उपभोक्ता अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक उपभोक्ता को गुणवत्तापूर्ण वस्तु एवं सेवा प्राप्त करने का अधिकार है। किसी प्रकार की धोखाधड़ी या अनुचित व्यापारिक व्यवहार की स्थिति में उपभोक्ता कानूनी माध्यमों से अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है। साथ ही नशा मुक्ति अभियान पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें।
शिविर में पैरालीगल वॉलंटियर (पीएलवी) रीना देवी ने साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बढ़ते डिजिटल युग में साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।
इस अवसर पर डाइट शाहपुरा की उपप्रधानाचार्य रश्मिपुरी गोस्वामी ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान के प्रदाता ही नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन के प्रेरणास्रोत भी होते हैं। ऐसे विधिक जागरूकता शिविर शिक्षकों को अपने दायित्वों के प्रति और अधिक संवेदनशील बनाते हैं।
कार्यक्रम में शिविर प्रभारी धर्मीचंद जैन, व्याख्याता नितिन जावलिया, राजीव कुमार सहित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नवनियुक्त वरिष्ठ अध्यापक उपस्थित रहे। अंत में प्रतिभागियों ने समाज में विधिक जागरूकता, सड़क सुरक्षा, साइबर सतर्कता एवं नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।




