नगर पालिका शाहपुरा में अधिशासी अधिकारी पुरुषोत्तम पंवार का भव्य स्वागत
सफाई कर्मचारी यूनियन ने किया सम्मान, शहर की स्वच्छता और जनहित में मिलकर कार्य करने का लिया संकल्प

शाहपुरा। नगर पालिका शाहपुरा में शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को नवपदस्थापित अधिशासी अधिकारी पुरुषोत्तम पंवार का अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस, नगर पालिका स्टाफ एवं सफाई कर्मचारी दल द्वारा भव्य स्वागत, सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर पुष्पहार पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार घूसर ने किया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी का स्वागत करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता, विकास और जनहित के कार्यों में कर्मचारी संगठन हमेशा नगर पालिका प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि शाहपुरा नगर उनकी मातृभूमि है और नगरवासियों की सेवा उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। सफाई कर्मचारी हर परिस्थिति में “स्वच्छता सैनिक” के रूप में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते रहेंगे।

स्वागत समारोह के दौरान अधिशासी अधिकारी पुरुषोत्तम पंवार ने कर्मचारी यूनियन एवं नगर पालिका स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कर्मचारियों के साथ सकारात्मक चर्चा करते हुए आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान एवं आवश्यक सहयोग के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन, सफाई कर्मचारी और समस्त स्टाफ मिलकर शाहपुरा को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं सेवा भावना से कार्य करेंगे।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि नगरवासियों के हित सर्वोपरि हैं और जनसेवा के प्रत्येक कार्य में नगर पालिका पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना योगदान देगी। कर्मचारियों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा तथा किसी भी विषम परिस्थिति में प्रशासन उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार घूसर ने भी अधिशासी अधिकारी को भरोसा दिलाया कि कर्मचारी संगठन नगरहित और जनहित के हर कार्य में पूर्ण सहयोग देगा। उन्होंने कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी कर्मचारी पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करते रहेंगे।
स्वागत समारोह सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारत कुमार वैष्णव (संस्थापन शाखा), हंसराज गुर्जर, त्रिलोक शंकर (नगर अध्यक्ष), कालूलाल जमादार, अमित कुमार, उत्तम, सोनू, विकास, विकास शर्मा, हेमंत पंड्रीक, कुंदन लाल मीणा, गंगासार, राजेश, सीताराम, घीसूलाल, आजाद, कुशल, अशोक, विजेंद्र, राकेश, दिनेश कुमार लोट, मुकेश, संदीप, राधाबाई, गोपाललाल धाकड़, राधाकृष्ण सहित नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं यूनियन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पहार पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर अधिशासी अधिकारी का स्वागत एवं सम्मान किया।




