डाइट के खेल मैदान पर भवन निर्माण का विरोध तेज, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन; एसडीओ ने तुरंत लगाई रोक
प्राचार्य को दिए कार्य शुरू नहीं करने के निर्देश

शाहपुरा। शहर के सबसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक खेल मैदान को बचाने की मांग को लेकर शुक्रवार को नगर कांग्रेस कमेटी शाहपुरा ने जोरदार पहल करते हुए प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई। नगर कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सेन के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उपखण्ड अधिकारी (एसडीओ) शाहपुरा को जिला कलेक्टर, भीलवाड़ा के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) शाहपुरा के खेल मैदान पर प्रस्तावित नवीन भवन निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के समक्ष तर्कपूर्ण ढंग से अपना पक्ष रखते हुए कहा कि डाइट परिसर में वर्तमान भवन से लगी हुई पर्याप्त खाली भूमि पहले से उपलब्ध है, जहां नए भवन का निर्माण बिना किसी बाधा के कराया जा सकता है। इसके बावजूद खेल मैदान को निर्माण स्थल के रूप में चुना जाना पूरी तरह अनुचित, अव्यावहारिक और जनहित के विपरीत है।

इस दौरान उपखण्ड अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने मौके पर ही डाइट के प्राचार्य से दूरभाष पर चर्चा कर खेल मैदान पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए, जिससे उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों में संतोष का माहौल दिखाई दिया।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सेन ने कहा कि डाइट का खेल मैदान केवल संस्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे शाहपुरा क्षेत्र के युवाओं, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की पहचान बन चुका है। यहां वर्षभर क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों का नियमित अभ्यास होता है। इसके अलावा जिला एवं स्थानीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं, प्रशिक्षण शिविर, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम भी इसी मैदान पर आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में यदि इस मैदान पर भवन निर्माण कर दिया गया तो शाहपुरा के खिलाड़ियों के पास अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बचेगा।
ज्ञापन में कांग्रेस ने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया कि खेल मैदान किसी भी समाज की भावी पीढ़ी की ऊर्जा, प्रतिभा और स्वस्थ जीवनशैली का आधार होते हैं। यदि सार्वजनिक खेल मैदानों को धीरे-धीरे भवन निर्माण की भेंट चढ़ा दिया जाएगा तो इसका सबसे बड़ा नुकसान युवाओं और विद्यार्थियों को उठाना पड़ेगा। इससे खेल गतिविधियां प्रभावित होंगी और भविष्य में क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के सामने अभ्यास के लिए स्थान का संकट खड़ा हो जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि खेल मैदान पर प्रस्तावित भवन निर्माण योजना को तत्काल निरस्त किया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में यह सामने आता है कि किसी अधिकारी या संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति ने नियमों की अनदेखी करते हुए खेल मैदान पर निर्माण का निर्णय लिया है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही नवीन भवन का निर्माण डाइट परिसर में उपलब्ध खाली भूमि पर ही कराया जाए, जिससे भवन निर्माण भी हो सके और खेल मैदान भी सुरक्षित बना रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विकास कार्यों का सभी स्वागत करते हैं, लेकिन विकास की कीमत खेल मैदानों और सार्वजनिक सुविधाओं को समाप्त करके नहीं चुकाई जानी चाहिए। प्रशासन को ऐसा समाधान निकालना चाहिए जिससे शैक्षणिक संस्थान का विस्तार भी हो और खिलाड़ियों के हित भी पूरी तरह सुरक्षित रहें।
ज्ञापन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि शाहपुरा के नागरिक, खिलाड़ी, अभिभावक और खेल प्रेमी इस मैदान को बचाने के लिए एकजुट हैं। यदि खेल मैदान पर निर्माण का प्रयास किया गया तो जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उल्लेखनीय है कि डाइट शाहपुरा का यह मैदान लंबे समय से क्षेत्र की खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी नियमित अभ्यास करते हैं तथा समय-समय पर विद्यालय, महाविद्यालय एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा अनेक आयोजन भी संपन्न होते हैं। ऐसे में खेल मैदान के अस्तित्व पर संकट की आशंका ने खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों में चिंता पैदा कर दी है।
नगर कांग्रेस का कहना है कि वह किसी भी स्थिति में खेल मैदान को समाप्त नहीं होने देगी और खिलाड़ियों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखा जाएगा। फिलहाल उपखण्ड अधिकारी द्वारा तत्काल हस्तक्षेप करते हुए निर्माण कार्य शुरू नहीं करने के निर्देश दिए जाने से मामले में फिलहाल राहत मिली है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन के आगामी निर्णय पर टिकी हुई हैं कि वह जनभावनाओं का सम्मान करते हुए खेल मैदान को सुरक्षित रखने की दिशा में क्या कदम उठाता है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष नमन ओझा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामप्रसाद धाकड़, जिला अध्यक्ष चिकित्सा प्रकोष्ठ लादूलाल खटीक, नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि सुनील मिश्रा, कांग्रेस नेता ओम सिंधी, प्रदेश सचिव चिकित्सा प्रकोष्ठ अतुल त्रिपाठी, युवा नेता आशीष भारद्वाज तथा अंकुर ओझा सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




