BHILWARAE-Paperक्राइमराजस्थानलोकल न्यूज़शाहपुरा

राज्यास के पास ट्रेलर पलटा, केबिन में फंसे चालक की मौत

राज्यास के पास ट्रेलर पलटा, केबिन में फंसे चालक की मौत

शाहपुरा। शाहपुरा-बिजयनगर मार्ग पर रविवार शाम राज्यास नहर के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार में जा रहा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया।

दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। चालक को केबिन से बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों ने अपने स्तर पर संसाधन जुटाए और करीब दो घंटे तक मशक्कत की। काफी प्रयासों के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

फुलियाकलां थाना अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान आत्माराम पुत्र प्रहलाद मीना (निवासी बोरदा, थाना करवर, जिला बूंदी) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के हालात का जायजा लिया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि बाद में यातायात सुचारू कर दिया गया।

पुलिस ने शव को फुलियाकलां मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों के पहुंचने के बाद सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रेलर के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है।

हादसे के बाद ग्रामीणों में भी शोक का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर के केबिन की स्थिति बेहद क्षतिग्रस्त थी, जिसके चलते चालक को बाहर निकालना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक जुटकर चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!