
शाहपुरा,। नगर निकाय चुनाव-2026 की तारीख नजदीक आते ही शाहपुरा में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने भी अब चुनावी मैदान में अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। रविवार को शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने नगर के चार वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन कर चुनावी अभियान को गति दी।
विधायक ने वार्ड नंबर 10, 13, 04 और 02 में विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और वार्डवासियों से संवाद कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया तथा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने का आह्वान किया।

चार वार्डों में प्रत्याशियों के लिए ताकत झोंकने का आह्वान
भाजपा की ओर से वार्ड 10 में राजेश सोलंकी, वार्ड 13 में बीरबल रेखा वर्मा, वार्ड 04 में देव गुर्जर तथा वार्ड 02 में सीताराम बैरवा चुनाव मैदान में हैं।
कार्यालय उद्घाटन के दौरान विधायक डॉ. बैरवा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव में जीत केवल प्रत्याशी की नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक मेहनत का परिणाम होती है। उन्होंने वार्ड स्तर पर बूथ और घर-घर संपर्क को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक मतदाताओं तक भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों को पहुंचाने का आह्वान किया।
‘विकास और सुशासन’ के नाम पर मांगा जनसमर्थन
विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और जनसेवा को प्राथमिकता देती है तथा शाहपुरा के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नगर के विकास को नई गति देने के लिए मजबूत और सक्रिय स्थानीय निकाय जरूरी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी अभियान चलाने तथा वार्डों में व्यापक जनसंपर्क करने का आह्वान किया। विधायक ने वार्डवासियों से भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि कमल के निशान पर अधिक से अधिक मतदान कर भाजपा को मजबूत करें और शाहपुरा के विकास की गति को आगे बढ़ाने में सहभागी बनें।
चुनाव कार्यालय बने रणनीति के नए केंद्र
नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा द्वारा वार्डों में चुनाव कार्यालय खोले जाने को संगठन की चुनावी रणनीति में अहम कदम माना जा रहा है। कार्यालयों के माध्यम से वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठकें, मतदाता संपर्क और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
चार वार्डों में एक साथ चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन से भाजपा ने यह संकेत देने की कोशिश की है कि अब चुनावी अभियान को संगठनात्मक स्तर पर पूरी ताकत के साथ वार्डों तक ले जाया जाएगा।
कार्यक्रमों में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
रिपोर्ट : मूलचन्द पेसवानी




