शिक्षकों, राज्य कर्मचारियों और समाजसेवियों का 15वां रक्तदान शिविर 17 सितंबर को
14 शिविरों में अब तक 1523 यूनिट रक्तदान, इस बार रक्तदाताओं को गमला युक्त पौधा देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश

शाहपुरा। शाहपुरा ब्लॉक के शिक्षकों, राज्य कर्मचारियों एवं समाजसेवियों की ओर से प्रतिवर्ष शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाला रक्तदान शिविर इस बार स्थानीय निकाय चुनाव के कारण 17 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। 15वां रक्तदान शिविर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कुंड गेट, शाहपुरा में प्रातः 9:30 बजे से शुरू होगा।
आयोजन समिति के सदस्य शंकर सिंह राठौड़ एवं इस्माइल खान कायमखानी ने बताया कि शिविर में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। रक्त संग्रहण का कार्य राजकीय महात्मा गांधी चिकित्सालय, भीलवाड़ा की टीम द्वारा किया जाएगा।
14 शिविरों में 1523 यूनिट रक्तदान
कार्यक्रम संयोजक देवी लाल बेरवा ने बताया कि शाहपुरा ब्लॉक के शिक्षकों द्वारा शुरू किया गया यह रक्तदान शिविर जिले के पुराने एवं निरंतर आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों में शामिल है। अब तक आयोजित 14 रक्तदान शिविरों के माध्यम से कुल 1523 यूनिट रक्त राजकीय महात्मा गांधी चिकित्सालय को उपलब्ध करवाया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को होने वाले 15वें शिविर में शिक्षकों एवं राज्य कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े समाजसेवी भी रक्तदान करेंगे।
रक्तदान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
हरित शाहपुरा के अध्यक्ष प्रताप सिंह राणावत एवं आयोजन समिति सदस्य सत्यनारायण खटीक ने बताया कि इस बार रक्तदान शिविर को पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा गया है। शिविर में रक्तदान करने वाले प्रत्येक रक्तदाता को गमला युक्त पौधा भेंट किया जाएगा।
इसके साथ ही विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से रक्तदान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
तैयारियां पूरी, व्यापक जनसंपर्क
15वें रक्तदान शिविर की तैयारियां आयोजन समिति की ओर से पूरी कर ली गई हैं। अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से समिति सदस्यों द्वारा शाहपुरा ब्लॉक में व्यापक जनसंपर्क किया जा रहा है।
आयोजन समिति के सदस्य एवं किसान केसरी संघ के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश ओझा, पुखराज जोशी, रकमा जिला अध्यक्ष सलीम डायर, धर्मेंद्र सिंह सौदा, सुधा पारीक, अनिल बघेरवाल, इंदिरा धूपिया, रमेश चंद्र घूसर, महावीर भील, दिनेश टेंपन, कमलेश कोली, महेश कोली, ईश्वर मीणा, परमेश्वर प्रसाद कुमावत, नयन बूला, पुष्पेंद्र कुमार घूसर, इकराम उल हक अंसारी, लाड़ कंवर, वर्षा व्यास, चंद्रप्रकाश जोशी, आशीष राय, नारायण लाल जाट, दिनेश भाटी, गोपीलाल रेगर, राजकुमार कोली, सुनील दत्त शर्मा, अनंत कुमार गौड़, महावीर सिंह एवं गजराज सिंह राठौड़ सहित अन्य सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
आयोजकों ने शिक्षकों, राज्य कर्मचारियों, समाजसेवियों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है।
आयोजकों का कहना है कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि समाज की जिंदगी बचाने की मुहिम है। 15वें शिविर के जरिए एक ओर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराया जाएगा, वहीं दूसरी ओर पौधों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।



