श्री वेणी मोहन गुरु धाम में रविवार को होगा महामंत्र जाप, श्रद्धालुओं से सपरिवार सहभागिता का आह्वान
वरिष्ठ नागरिक संस्थान शाहपुरा के सदस्य भी रहेंगे उपस्थित, समाधि स्थल पर होंगे दर्शन लाभ

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
फुलिया गेट स्थित श्री वेणी मोहन गुरु धाम में रविवार, 26 जुलाई को प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच महामंत्र जाप का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम घोर तपस्वी, तपोनिधि श्री वेणीचंदजी महाराज साहब की पावन कृपा एवं प्रेरणा से आयोजित होगा।
आयोजन के दौरान श्रद्धालु सामूहिक रूप से महामंत्र जाप कर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करेंगे तथा गुरु धाम स्थित पावन समाधि स्थल के दर्शन का लाभ भी प्राप्त करेंगे। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र सिंह बूलियां ने बताया कि गुरु धाम में आयोजित होने वाला यह सामूहिक जाप श्रद्धालुओं के लिए आत्मिक शांति, आध्यात्मिक उन्नति और गुरु कृपा प्राप्त करने का विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि देवतुल्य संतों की पावन स्मृति से जुड़े इस आयोजन में उपस्थित होकर श्रद्धालु स्वयं को धन्य अनुभव करेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक संस्थान, शाहपुरा के सभी सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके सान्निध्य से आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी तथा श्रद्धा और भक्ति का वातावरण और अधिक भक्तिमय बनेगा।
आयोजकों ने नगर एवं आसपास के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित समय पर पहुंचकर महामंत्र जाप, गुरु वंदना एवं समाधि स्थल के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करें।




