
बीमा जागरूकता के रंगों से सजे बच्चों के चित्र, LIC के 70वें वर्ष पर चित्रकला प्रतियोगिता
रायपुर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों ने बचत और बीमा का महत्व चित्रों के जरिए समझाया, विजेताओं को किया पुरस्कृत
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी।
भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के 70 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे बीमा सप्ताह के तहत शाहपुरा शाखा की ओर से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रायपुर (प्रतापपुरा) में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से बीमा जागरूकता, बचत तथा भारतीय जीवन बीमा निगम की भूमिका को चित्रों में उकेरा।
प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने अपनी रचनात्मक सोच का इस्तेमाल करते हुए अलग-अलग चित्र बनाए और बीमा तथा बचत के महत्व को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय का माहौल पूरी तरह रचनात्मक और उत्साहपूर्ण नजर आया।

बच्चों ने चित्रों में दिया बचत का संदेश
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए महेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से बीमा और बचत के प्रति जागरूकता का संदेश देना रहा। बच्चों ने चित्रों के जरिए भविष्य की सुरक्षा, नियमित बचत और परिवार की आर्थिक सुरक्षा जैसे विषयों को अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर LIC शाखा शाहपुरा की ओर से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शाखा प्रबंधक सुरेश कुमार मीणा ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
3 सितंबर को ग्राहक संगोष्ठी
बीमा सप्ताह के तहत शाहपुरा शाखा की ओर से एक और महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 3 सितंबर 2026 को शाखा कार्यालय शाहपुरा परिसर में ग्राहक संगोष्ठी का आयोजन प्रस्तावित है।
शाखा प्रबंधन ने सभी पॉलिसीधारकों से संगोष्ठी में उपस्थित होने की अपील की है। संगोष्ठी में पॉलिसीधारक बीमा से संबंधित अपनी जानकारी, सवाल और जिज्ञासाएं अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। शाखा प्रबंधन के अनुसार ऐसे आयोजनों का उद्देश्य ग्राहकों को बीमा योजनाओं और सेवाओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करना है।




