
शाहपुरा। सदर बाजार स्थित भगवान श्री गोविंददेव जी महाराज के मंदिर में स्वतंत्रता दिवस का महोत्सव श्रद्धा, उमंग और देशभक्ति के भाव के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। मंदिर परिसर में भक्तजनों और मातृशक्ति की मौजूदगी में 15 अगस्त का राष्ट्रीय पर्व धार्मिक आस्था और राष्ट्रभक्ति के अद्भुत संगम का साक्षी बना।
इस अवसर पर भगवान श्री गोविंददेव जी महाराज का विशेष तिरंगा श्रृंगार किया गया। झूले में विराजमान ठाकुर जी महाराज के सम्मुख तिरंगे की झंडियां लहराते हुए भक्तों ने वंदेमातरम् एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। इससे पूरा मंदिर परिसर देशभक्ति के जयघोष से गूंज उठा। भक्ति के वातावरण में जब देशभक्ति के स्वर उठे तो श्रद्धा और राष्ट्रप्रेम का अनूठा समन्वय देखने को मिला।
मंदिर के पंडित महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि भक्तजनों की भावनाओं के अनुरूप मंदिर में पिछले कई वर्षों से 15 अगस्त एवं 26 जनवरी के राष्ट्रीय पर्व उत्साहपूर्वक मनाए जाते हैं। इस बार भी स्वतंत्रता दिवस पर विशेष आयोजन कर श्रद्धालुओं ने देश के अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
स्वतंत्रता दिवस, हरियाली तीज और झूला दर्शन का त्रिवेणी संगम
इस वर्ष आयोजन का महत्व इसलिए भी विशेष रहा कि स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय महोत्सव के साथ हरियाली तीज और ठाकुर जी महाराज के झूला दर्शन का पावन संयोग रहा। तिरंगे रंग में सजे ठाकुर जी महाराज के मनोहारी दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
मंदिर में विराजमान ठाकुर जी महाराज के झूला दर्शन और तिरंगे श्रृंगार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। धार्मिक वातावरण के बीच राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना ने आयोजन को और खास बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने हाथों में तिरंगे लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। आयोजन के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इसके बाद भारत माता के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।
पंडित महावीर प्रसाद शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए गौरव और कर्तव्य का अवसर है। मंदिर में धार्मिक आस्था के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने का उद्देश्य श्रद्धालुओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गोविंददेव जी महाराज, भगवान श्री शनिदेव एवं तीज माता से सभी के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। श्रद्धालुओं ने प्रार्थना की कि ठाकुर जी महाराज और देवी-देवताओं की कृपा सभी परिवारों पर बनी रहे।
इस दौरान मंदिर में हुए भक्ति, तिरंगे श्रृंगार और राष्ट्रभक्ति के त्रिवेणी संगम ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।




