BHILWARAE-Paperधर्मराजस्थानरामस्नेहीलोकल न्यूज़शाहपुरा

किशोरी मेले में बालिकाओं ने दिखाया हुनर, महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश

महिला शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता से लेकर बाल विवाह रोकथाम और आत्मरक्षा पर लगाए स्टॉल

कोठियां। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोठियां में सोमवार को महिला सशक्तिकरण को समर्पित किशोरी मेले का आयोजन किया गया। पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंची मीना मंच की बालिकाओं ने महिला शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, बाल विवाह रोकथाम और आत्मरक्षा जैसे विषयों पर आकर्षक मॉडल व चार्ट प्रदर्शित कर जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राजूलाल जाट की अध्यक्षता एवं प्रधानाध्यापक अख्त्यार अली के विशिष्ट आतिथ्य में फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर अख्त्यार अली ने कहा कि किशोरी मेला बालिकाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर देता है। ऐसे आयोजन बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हैं। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता महिला सशक्तिकरण की मजबूत आधारशिला है।

स्टॉल पर दिखी जागरूकता की झलक

मेले में पंचायत क्षेत्र के समस्त विद्यालयों से मीना मंच की बालिकाओं ने विभिन्न विषयों पर स्टॉल लगाए। किसी स्टॉल पर बालिका शिक्षा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया तो कहीं स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने और बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति सजग करने से जुड़े मॉडल एवं चार्ट भी आकर्षण का केंद्र रहे।

बालिकाओं ने अपने स्टॉल के माध्यम से विषयों की जानकारी देने के साथ उनके समाधान और बचाव के उपाय भी प्रस्तुत किए। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने बालिकाओं की रचनात्मकता और प्रस्तुति की सराहना की।

जलेबी रेस सहित हुईं प्रतियोगिताएं

किशोरी मेले में बालिकाओं के मनोरंजन एवं प्रतिभा प्रदर्शन के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। जलेबी रेस सहित कई प्रतियोगिताओं में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान बालिकाओं में खासा उत्साह नजर आया। विजेता एवं उपविजेता बालिकाओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में महिला संयोजक सुमित्रा सुखवाल, मेला प्रभारी राम भंवर शक्तावत, कार्यक्रम प्रभारी जगदीश गुर्जर, पीएम श्री प्रभारी सूर्य प्रकाश शर्मा एवं व्याख्याता जगदीश प्रसाद तेली मंचासीन रहे।

बालिकाओं के मार्गदर्शन में सहायक प्रभारी जुबेदा मुसलमान, प्रियंका जाट, बनिता कुमारी, विमला देवी, सुमित्रा गर्ग, सुनीता पारीक, निकिता प्रभारी एवं भगवती देवी सहित विद्यालय स्टाफ ने सहयोग किया।

कार्यक्रम में पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीणजन मौजूद रहे। उन्होंने बालिकाओं द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता जगदीश प्रसाद तेली ने किया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों, ग्रामीणों और बालिकाओं का आभार व्यक्त किया। मेले ने बालिकाओं में प्रतिभा, आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाने के साथ ‘सशक्त बेटी-सशक्त समाज’ का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!