Welcome to शाहपुरा संवाद   Click to listen highlighted text! Welcome to शाहपुरा संवाद
BHILWARAराजस्थानलोकल न्यूज़शाहपुरा

MGH में 5 प्रसूताओं की मौत: कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

भीलवाड़ा, मूलचन्द पेसवानी
महात्मा गांधी चिकित्सालय, भीलवाड़ा में हाल ही में हुई पांच प्रसूताओं की दुखद मौतों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर), भीलवाड़ा ने सोमवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्य सचिव राजस्थान सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर गहरा रोष व्यक्त किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर दिया है तथा सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
ज्ञापन महिला कांग्रेस जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के जिलाध्यक्ष शिवराम जी.पी. खटीक एव महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन करके सौंपा गया।


जिलाध्यक्ष शिवराम जी.पी. खटीक ने कहा कि यदि प्रसूताओं की मौत के मामले में किसी भी स्तर पर चिकित्सकीय अथवा प्रशासनिक लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मातृ स्वास्थ्य से जुड़ी ऐसी घटनाएं अत्यंत गंभीर हैं और सरकार को इन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दोषियों को किसी भी प्रकार का संरक्षण नहीं देना चाहिए।
महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह ने कहा कि अब प्रशासन को जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि कोटा में भी ऐसी ही गंभीर लापरवाही सामने आई थी और यदि भीलवाड़ा में समय रहते स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में बड़ा जनआंदोलन खड़ा करेगी। उन्होंने एडीएम (प्रशासन) प्रतिभा तिवाड़िया को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट कहा कि गठित जांच समिति निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच करे तथा दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एडवोकेट कुणाल ओझा ने बताया कि इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रसूताओं की मौत की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा महात्मा गांधी चिकित्सालय की चिकित्सा एवं मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल प्रभाव से व्यापक सुधार करने की मांग की।


ज्ञापन में मृतक परिवारों को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने, अस्पताल की मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक समीक्षा कराने, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के रिक्त पदों को तत्काल भरने, आधुनिक चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जवाबदेही तय करने तथा जांच रिपोर्ट को निर्धारित समय-सीमा में सार्वजनिक करने की मांग की गई।
इस अवसर पर नगर परिषद पूर्व सभापति मंजू पोखरना,महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहर) रेखा हिरण,नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक, राजेश चैधरी, मनोज पालीवाल, राजेंद्र जैन, किशन चैधरी,अल्पसंख्यक जिलाअध्यक्ष हमीद रंगरेज , भावेश पुरोहित,हारून रंगरेज,सत्यवीर सिंह सांकरिया, अनिल राठी, सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य सेवाओं में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आमजन के हित में व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी सरकार एवं प्रशासन की होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!