
शाहपुरा। ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समरसता की परंपरा के लिए विख्यात शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में 10 अगस्त को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही पावन रज कलश रथयात्रा का भव्य स्वागत होगा। यह यात्रा संत गुरु रविदास की जन्मस्थली से लाई गई पावन रज के साथ जिलेभर में समानता, समरसता और सामाजिक एकता का संदेश लेकर पहुंचेगी। भाजपा द्वारा आयोजित इस सात दिवसीय अभियान के तहत भीलवाड़ा जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि जयपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, समरसता संकल्प अभियान के राष्ट्रीय संयोजक एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, अभियान के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सैनी तथा संत-महात्माओं की उपस्थिति में संत गुरु रविदास की जन्मस्थली से लाई गई पावन रज कलश रथयात्रा को राजस्थान के सभी 25 लोकसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
भीलवाड़ा लोकसभा क्षेत्र के लिए यह रथ मंगलवार शाम गुलाबपुरा के रास्ते जिले में प्रवेश कर चुका है। बुधवार 6 अगस्त की सुबह आसींद विधानसभा क्षेत्र से इसकी औपचारिक शुरुआत होगी। इसके बाद यह यात्रा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन एक विधानसभा क्षेत्र में प्रवास करते हुए 12 अगस्त को माण्डलगढ़ में संपन्न होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के तहत रथयात्रा के साथ प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में समरसता संकल्प यात्राएं, संत सम्मान समारोह, छात्र संवाद, सामाजिक जागरण अभियान तथा संत गुरु रविदास के विचारों पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य समाज में समानता, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।
शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में यह पावन रज कलश रथयात्रा 10 अगस्त को पहुंचेगी। यात्रा के सफल संचालन के लिए भाजपा ने संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। सावन दिया को विधानसभा समन्वयक बनाया गया है, जबकि राजेन्द्र बोहरा एवं प्रहलाद बैरवा को दिवस प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत समारोह, संत वंदन, सामाजिक संवाद एवं समरसता पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा ने जिलेभर में सात दिवसीय यात्रा की विस्तृत रूपरेखा भी जारी की है। इसके अनुसार 6 अगस्त को आसींद विधानसभा में अमरसिंह चौहान समन्वयक तथा कालूराम भांभी एवं दीपक सेन दिवस प्रमुख रहेंगे। 7 अगस्त को माण्डल विधानसभा में लादूलाल जाट समन्वयक एवं राजूलाल लोहार दिवस प्रमुख होंगे। 8 अगस्त को सहाड़ा विधानसभा में घनश्याम सिंगीवाल समन्वयक तथा तेजप्रताप सिंह बरड़ोद दिवस प्रमुख रहेंगे। 9 अगस्त को भीलवाड़ा विधानसभा में मंजू चेचाणी समन्वयक तथा सुरेन्द्र सिंह मोटरास एवं द्वारका प्रसाद कोली दिवस प्रमुख होंगे। 10 अगस्त को शाहपुरा विधानसभा में कार्यक्रम आयोजित होगा। 11 अगस्त को जहाजपुर विधानसभा में कन्हैयालाल जाट समन्वयक तथा प्रहलाद रेगर एवं देवराज भाट दिवस प्रमुख रहेंगे। यात्रा का समापन 12 अगस्त को माण्डलगढ़ विधानसभा में होगा, जहां यशोवर्धन सेन समन्वयक एवं रमेश शर्मा दिवस प्रमुख की भूमिका निभाएंगे।
भाजपा नेताओं का कहना है कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवनभर सामाजिक भेदभाव, ऊंच-नीच और छुआछूत का विरोध करते हुए समानता, मानवता और कर्मप्रधान जीवन का संदेश दिया। उनकी 650वीं जयंती वर्ष पर निकाली जा रही यह पावन रज कलश रथयात्रा उन्हीं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। जिलेभर में यात्रा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं और सामाजिक संगठनों तथा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।




