Welcome to शाहपुरा संवाद   Click to listen highlighted text! Welcome to शाहपुरा संवाद
BHILWARAE-Paperराजस्थानलोकल न्यूज़शाहपुरा

पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग करने वालों पर हो सख्त कार्रवाई, पत्रकारों का हो पुलिस सत्यापन : प्रेस क्लब

प्रेस क्लब के नेतृत्व में पत्रकारों ने जिला कलक्टर व एसपी को सौंपा ज्ञापन, जिलेभर में विशेष अभियान चलाने की मांग

भीलवाड़ा। पत्रकारिता की आड़ में आमजन से धोखाधड़ी, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों में संलिप्त तथाकथित फर्जी पत्रकारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को प्रेस क्लब भीलवाड़ा के बैनर तले जिले के पत्रकार एकजुट हुए। प्रेस क्लब अध्यक्ष सुखपाल जाट के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू एवं जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा तथा जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर पत्रकारों का सत्यापन कराने एवं फर्जी पत्रकारों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्रेस क्लब अध्यक्ष सुखपाल जाट ने अधिकारियों से चर्चा के दौरान कहा कि जिले में कुछ लोग मीडिया संस्थानों का नाम, प्रेस कार्ड और पत्रकारिता की पहचान का दुरुपयोग कर आमजन को धमकाने, ब्लैकमेल करने तथा अवैध वसूली जैसी गतिविधियों में लिप्त हैं। ऐसे लोगों के कारण वर्षों से ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ जनहित की पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों की छवि धूमिल हो रही है। इससे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की विश्वसनीयता और सम्मान पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता एक सामाजिक दायित्व है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इसे कमाई का माध्यम बनाकर पूरे मीडिया जगत को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि वास्तविक पत्रकारों की साख सुरक्षित रहे और आमजन का मीडिया पर विश्वास कायम रह सके।

ज्ञापन में मांग की गई कि जिला प्रशासन एवं पुलिस संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग, अवैध वसूली और धोखाधड़ी करने वाले लोगों की पहचान करे। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, यूट्यूब चैनल और डिजिटल न्यूज पोर्टलों के नाम पर बिना किसी वैधानिक आधार के पत्रकारिता का दावा कर लोगों को गुमराह करने वाले व्यक्तियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाए।

पत्रकारों ने यह भी मांग की कि जिला मुख्यालय से लेकर उपखंड एवं थाना स्तर तक पत्रकारों का पुलिस सत्यापन कराया जाए, जिससे वास्तविक और फर्जी पत्रकारों के बीच स्पष्ट अंतर स्थापित हो सके तथा पत्रकारिता की गरिमा बनी रहे।

जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू एवं जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा बनाए रखना प्रशासन की भी जिम्मेदारी है। पत्रकारों के सत्यापन की प्रक्रिया नियमानुसार जिला, उपखंड एवं थाना स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी तथा पत्रकारिता की आड़ में कानून का दुरुपयोग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रेस क्लब महासचिव राजेश मेठानी, कोषाध्यक्ष सतीश वर्मा, वरिष्ठ पत्रकार मधु जाजू, रतन प्रजापति, अरुण मुछाल, राजेंद्र शर्मा, भगवान मेठानी, प्रहलाद तेली, अंकुर बोरदिया, राहुल कौशिक, जयेश पारीक, प्रकाश चपलोत (पिंटू), महावीर समदानी, लकी शर्मा, कृष्णगोपाल गोयल, पुनीत चपलोत, अंकुर सनाढ्य, रवि पायक, दीपेश छीपा, आशीष पाराशर, अमित शर्मा, अमित काबरा, पंकज पोरवाल, दुर्गेश पानेरी, अनिल शर्मा, चेतन उपाध्याय, धर्मेंद्र कोठारी, सुशील लोढ़ा, विजय जैथलिया सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार उपस्थित रहे।

पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध नहीं, बल्कि पत्रकारिता की गरिमा, विश्वसनीयता और सामाजिक सम्मान की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र की आधारशिला है और इसकी आड़ में गलत गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई होना आवश्यक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!